MAH vs KER, SMAT 2022 Match Highlights: केरल और महाराष्ट्र के बीच मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2022 का शानदार टी20 मुकाबला खेला गया। मल्लनपुर में आयोजित इस मुकाबले में महाराष्ट्र ने 40 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में सबसे अहम योगदान रहा आईपीएल की खोज और भारतीय क्रिकेट का भविष्य माने जाने वाले रुतुराज गायकवाड़। इस युवा खिलाड़ी ने धमाकेदार शतक से केरल के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए।
रुतुराज गायकवाड़ का शतक (BCCI)
इस मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के कप्तान और विकेटकीपर की भूमिका भी निभा रहे रुतुराज गायकवाड़ पारी की शुरुआत करने उतरे। गायकवाड़ ने आते ही केरल पर आक्रमण शुरू कर दिया और धमाकेदार शतकीय पारी खेल डाली। उन्होंने 68 गेंदों में 114 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। जबकि दूसरे ओपनर पवन शाह ने 31 रन का योगदान दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई।
इन दोनों की साझेदारी और रुतुराज की शानदार शतकीय पारी के दम पर महाराष्ट्र ने 20 ओवर में 4 विकेट खोते हुए 167 रनों का स्कोर खड़ा कर डाला। इस दौरान गेंदबाजों में मनुकृष्णन की गेंदों की सबसे ज्यादा धुनाई हुई। इस गेंदबाज के चार ओवरों में एक भी विकेट नहीं आया और 43 रन लुटा डाले, जिस दौरान रुतुराज ने उनकी गेंदों की जमकर धुनाई की।
जवाब में उतरी केरल की टीम महाराष्ट्र के सामने कहीं भी टिकती नहीं दिखी। महाराष्ट्र के गेंदबाजों ने केरल को 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 127 रन ही बनाने दिए। महाराष्ट्र की तरफ से सत्यजीत सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 3 विकेट लिए। वहीं, आजिम काजी ने 2 विकेट झटके। इसके अलावा राजवर्धन और शमशुजामा काजी ने 1-1 विकेट लिया।
