Team India arrive in Australia, T20 World Cup 2022: क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप के सबसे बड़े टूर्नामेंट आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंच गई है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टी20 टीम के कई खिलाड़ियों ने पर्थ पहुंचने के बाद तस्वीरें शेयर की हैं, जबकि खुद कप्तान रोहित शर्मा ने पर्थ के नजारे भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस से साझा किए हैं।
रोहित, सूर्यकुमार, कार्तिक और पंत (Instagram)
भारत की 14 सदस्यीय टीम अपने सपोर्ट स्टाफ के साथ गुरुवार को मुंबई से वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के शहर पर्थ के लिए रवाना हुई थी। इसके बाद जैसे ही टीम इंडिया यहां पहुंची उसके कुछ खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें फैंस के साथ शेयर की। खासतौर पर एक तस्वीर खूब वायरल हो रही है जिसमें भारतीय टीम के चार खिलाड़ी- कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक और रिषभ पंत टीम इंडिया के आधिकारिक ब्लेजर में नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पर्थ के नजारे फैंस के साथ शेयर किए हैं। वैसे रोहित शर्मा जब भी विदेश दौरे पर होते हैं तो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ ना कुछ झलकियां देखने को मिल जाती हैं, उसी तरह अब जब वो पर्थ पहुंचे तो उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें खूबसूरत समंदर और होटल के अंदर का नजारा दिख रहा है।
रोहित शर्मा की इंस्टाग्राम स्टोरी
वहीं पहली बार टी20 विश्व कप खेलने पहुंचे भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी ऐसी ही एक इंस्टा स्टोरी फैंस के लिए शेयर की है जिसमें खूबसूरत पर्थ शहर दिखाई दे रहा है।
अर्शदीप सिंह ने शेयर की पर्थ की तस्वीर
टी20 विश्व कप शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया मेंं भारतीय टीम का पहला ठिकाना पर्थ ही है जहां वे 8 अक्टूबर से अपने अभ्यास की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा 10 और 13 अक्टूबर को वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ वे दो अभ्यास मुकाबले भी खेलेंगे।
