Mohmammad Shami Fitness: मोहम्मद शमी की फिटनेस के सवाल पर रोहित शर्मा ने की एनसीए से ये बड़ी मांग

Mohmammad Shami Fitness Update: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा में खेले गए सीरीज के तीसरे टेस्ट के ड्रॉ समाप्त होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने मोहम्मद शमी की फिटनेस के सवाल पर पूछे गए सवाल पर एनसीए से एक बड़ी मांग की है।

ब्रिसबेन: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को कहा कि अब समय आ गया है कि राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) मोहम्मद शमी की फिटनेस पर स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने जोर दिया कि जब तक वे शमी की स्थिति के बारे में सुनिश्चित नहीं हो जाते तब तक मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में इस तेज गेंदबाज को उतारने का जोखिम नहीं उठाएंगे। शमी ने हाल ही में समाप्त हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान चोट से वापसी की और उन्हें शनिवार से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी बंगाल की टीम में चुना गया है।

Mohammad Shami

मोहम्मद शमी (साभार BCCI Domestic)

रोहित चाहते हैं शमी की फिटनेस के बारे में एनसीए से अपडेट

रोहित ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा,'अब समय आ गया है कि एनसीए से कोई उनके बारे में बात करे। वह हमारी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी है, जहां वह रिहैबिलिटेशन से गुजर रहा है। उन लोगों को ही आकर हमें किसी तरह की अपडेट देने की जरूरत है।' एडिलेड में गुलाबी गेंद से खेले गए टेस्ट के बाद रोहित ने खुलासा किया था कि मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते समय शमी के घुटनों में सूजन आ गई थी। उन्होंने कहा,'मैं समझता हूं कि वह स्वदेश में बहुत क्रिकेट खेल रहा है। लेकिन उसके घुटने को लेकर भी कुछ शिकायतें हैं। इसलिए हम नहीं चाहते कि खिलाड़ी यहां आए और फिर मैच के बीच में बाहर हो जाए। आप जानते हैं कि जब ऐसा होता है तो क्या होता है।'

End of Feed