वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया शानदार फॉर्म में है। अब तक खेले गए 8 मैच में टीम अजेय रही है और 16 प्वाइंट के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर बने हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो बतौर कप्तान रोहित शर्मा का वर्ल्ड कप में सौ प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड है, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब रोहित टीम की कमान नहीं संभालना चाहते थे। इस बात का खुलासा पूर्व BCCI चीफ सौरव गांगुली ने किया है।
रोहित शर्मा (साभार-AP)
रोहित की कप्तानी पर गांगुली का खुलासा
पूर्व बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली ने रोहित की कप्तानी के बारे में एक स्थानीय न्यूज चैनल कोलकाता टीवी से बात करते हुए कहा 'रोहित कप्तानी नहीं करना चाहते थे, क्योंकि उस वक्त वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट खेल रहे थे।' लेकिन सौरव गांगुली ने उन्हें मना लिया। गांगुली ने आगे कहा 'मैंने उनसे कहा कि आपको हां कहना होगा या मैं बतौर कप्तान आपके नाम की घोषणा कर दूंगा। मैं खुश हूं कि उन्होंने हामी भरी और अब वह अपनी टीम का नेतृत्व आगे बढ़कर कर रहे हैं। आप उनका ट्रैक रिकॉर्ड देख सकते हैं।
रोहित का बतौर कप्तान रिकॉर्ड
बतौर कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है। बात आईपीएल की हो या इंटरनेशनल क्रिकेट की रोहित ने हर जगह अपनी कप्तानी से सबको प्रभावित किया है। रोहित अपनी कप्तानी में मुंबई को 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) में आईपीएल चैंपियन बना चुके हैं। इसके अलावा भारतीय टीम ने उनकी कप्तानी में एशिया कप जीता और वह तीनों फॉर्मेट में नंबर वन भी बनी।
