Rishabh Pant viral video: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 30 दिसंबर 2022 को एक गंभीर कार दुर्घटना में घायल हो गए थे। पंत को पैर में गंभीर चोट आई थी, खासतौर पर घुटने में। इसके बाद से उनका उपचार चल रहा है। इस बीच पिछले कुछ महीनों में उनके कई वीडियो देखे गए जिसमें वो स्विमिंग पूल में चलते दिखे और कुछ आईपीएल मैच भी देखने पहुंचे, लेकिन सभी जगह वो एक छड़ी के सहारे से चल रहे थे। अब उनका जो ताजा वीडियो वायरल हुआ है, वो उनके करोड़ों फैंस के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाला है।
ऋषभ पंत
उपचार के दौरान अब तक छड़ी के सहारे से चल रहे ऋषभ पंत पहली बार छड़ी के बिना चलते देखे गए हैं। इस ताजा वीडियो में ऋषभ पंत मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं। वो कुछ कदम छड़ी के सहारे चलते दिखाई देते हैं और उसके बाद अचानक छड़ी पास में खड़े एक व्यक्ति को थमा देते हैं और कुछ कदम बिना छड़ी के चलते हैं।
ऋषभ पंत का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि शुरुआत से कहा गया है कि ऋषभ पंत को मैदान में लौटने में तकरीबन एक साल का समय लग सकता है लेकिन पंत जल्द बेहतर होते नजर आ रहे हैं। उम्मीद यही कर सकते हैं कि वो जल्द से जल्द फिर विकेट के पीछे मोर्चा संभालें और अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से विरोधी टीमों के गेंदबाजों की बोलती बंद करें।
