स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अगले साल होने वाले विश्व की तैयारी के तहत वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी। ऐसे में भारतीय चयनकर्ताओं के पास इस सीरीज में कई खिलाड़ियों को आजमाने का मौका है। सितंबर के आखिरी सप्ताह में शुरू होने वाली इस सीरीज के दौरान छह खिलाड़ी चयन के लिए अनुपस्थित रहेंगे। क्योंकि, ये सभी जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए टी20 टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, रुतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल की वनडे टीम में वापसी हो सकती है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए कई खिलाड़ियों की टीम इंडिया में हो सकती है वापसी। फाइल फोटो
इंग्लैंड में हुई पिछली वनडे सीरीज के दौरान टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स टीम का हिस्सा हैं। संभावित 17 सितंबर को होने वाली चयन बैठक में इन खिलाड़ियों की जगह आगामी वनडे सीरीज के लिए कई खिलाड़ियों को स्क्वाड में जगह मिल सकती है। इनमें से एक ऋषभ पंत हो सकते हैं।
ईशान किशन की जगह आ सकते हैं पंत
क्योंकि, ईशान किशन जापान में होंगे। ऐसे में पंत को केएल राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के रूप में प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में आकाश चोपड़ा और सुरेश रैना ने पंत को वनडे टीम में शामिल करने की वकालत करते हुए उन्हें एक एक्स-फैक्टर बताया।
पिछले साल की चैंपियंस ट्रॉफी समेत कुछ वनडे सीरीज में टीम में जगह बनाने के बाद पंत को मौका ही नहीं मिला। ईशान के शानदार प्रदर्शन के चलते पंत के टीम में वापस आने की संभावना कम हो गई है, लेकिन ईशान की अनुपलब्धता को देखते हुए चयनकर्ताओं को रणनीति में बदलाव करने की जरूरत है। पंत को ध्रुव जुरेल से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिन्हें टीम प्रबंधन का पूरा समर्थन प्राप्त है।
गायकवाड़ और जायसवाल में टक्कर
वहीं, श्रेयस अय्यर की जगह के लिए रुतुराज गायकवाड़ प्रबल दावेदार बने हुए हैं। गायकवाड़ ने अपनी आखिरी वनडे पारी (दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) में शतक बनाया था। हालांकि, उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारतीय वनडे टीम का कप्तान बनाया गया है। चयनकर्ता यशस्वी जायसवाल को भी मौका दे सकते हैं। उन्होंने अपने पिछले तीन वनडे मैचों में दो शतक बनाए हैं।
जडेजा और सिराज को भी मिल सकती है जगह
अक्षर पटेल की जगह अनुभवी रवींद्र जडेजा ले सकते हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और मयंक यादव/अशोक शर्मा, बुमराह और अर्शदीप की जगह ले सकते हैं और प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव के साथ मिलकर तेज गेंदबाजी आक्रामण की जिम्मेदारी उठा सकते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में हार्दिक पांड्या की भी वापसी हो सकती है।
