पुणे:भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 26 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया का लिए मिडिल ऑर्डर सस्ते में ढेर हो गया था। रिंकू सिंह कोलकाता में खेले गए मुकाबले में चोटिल हो गए थे। इसके बाद चेन्नई और राजकोट में खेले गए मुकाबले से वो बाहर हो गए। भारतीय टीम चेन्नई में जीत हासिल करने में सफल रही लेकिन राजकोट में भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही। रिंकू सिंह की गैर-मौजूदगी में ध्रुव जुरेल बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा सके। प्रशंसक रिंकू सिंह की वापसी का बाट जोह रहे थे।
रिंकू सिंह
चोट से उबरे रिंकू, जमकर किया अभ्यास
ऐसे में खबर आई है कि रिंकू सिंह ने पुणे में खेले जाने वाले टी20 से पहले जमकर अभ्यास किया। वह इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। भारत के सहायक कोच रियान टेन डोशेट ने पुष्टि की कि यह आक्रामक बल्लेबाज अगले मैच में खेलने के लिए फिट हैं। रिंकू पीठ में दर्द की वजह से दो मैच में नहीं खेले थे।
जुरेल की जगह होगी रिंकू की वापसी
टेन डोशेट ने पत्रकारों से कहा,'रिंकू फिट है। वह पहले मैच में खेला था लेकिन इसके बाद चोटिल हो गया और अगले दो मैच में नहीं खेल पाया। मुझे लगता है कि फिट होने पर वह वापसी करेगा। उसने बल्लेबाजी का अच्छा अभ्यास किया है और मुझे लगता है कि वह कल खेलने के लिए तैयार होगा।' रिंकू को अंतिम एकादश में ध्रुव जुरेल की जगह लिया जा सकता है जिन्होंने दूसरे और तीसरे मैच में चार और दो रन बनाए।
(भाषा इनपुट के साथ)
