Ranji Trophy: रोहित शर्मा ने रणजी ट्रॉफी में मचाया धमाल, मध्य प्रदेश को सस्ते में समेटा

मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के नए सीजन के अपने पहले मुकाबले में रोहित शर्मा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मध्य प्रदेश को सस्ते में समेट दिया। वहीं रिंकू सिंह ने शतक जड़कर उत्तर प्रदेश की बिहार के खिलाफ वापसी करा दी।

श्रीनगर: मौजूदा चैंपियन जम्मू कश्मीर ने मध्यम तेज गति के गेंदबाज रोहित शर्मा के पांच विकेट के दम पर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के मैच के पहले दिन रविवार को यहां मध्य प्रदेश की पहली पारी को 196 रन पर समेट दिया। जम्मू कश्मीर की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। आवेश खान ने तीसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया को बिना खाता खोले आउट कर दिया। स्टंप्स के समय कामरान इकबाल तीन रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि वंशज शर्मा का खाता नहीं खुला था।

Rohit Sharma

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट X)

196 रन पर ढही मध्य प्रदेश की पारी

जम्मू कश्मीर ने शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद रोहित ने 21.2 ओवर में 36 रन देकर पांच विकेट लिये। उन्हें बायें हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार का अच्छा साथ मिला। सुनील ने 69 रन देकर चार विकेट चटकाये जिससे मध्य प्रदेश की टीम 74.2 ओवर में आउट हो गयी। मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा ने एक छोर संभालते हुए 174 गेंदों पर 79 रन बनाए। मध्य प्रदेश ने 41 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज यश दुबे चार रन और हर्ष गवली 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विकेटकीपर हिमांशु मंत्री 17 रन ही बना सके। रोहित ने गवली और मंत्री को पवेलियन भेजने के बाद चंचल राठौर (33) और अथर्व महाजन (शून्य) को भी अपना शिकार बनाया। उनका पांचवां विकेट कप्तान शुभम शर्मा का रहा, जिनके आउट होते ही मध्य प्रदेश की पारी समाप्त हो गई।

End of Feed