सिलहट: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टी को एशिया कप खिताब जीतने पर शुभकामनाएं दी है। भारतीय टीम ने शनिवार को सिलहट में श्रीलंका को फाइनल में 8 विकेट से मात देकर खिताब अपने नाम किया। नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम की उपलब्धि की तारीफ की और कहा कि टीम ने शानदार शैली और टीम वर्क दिखाया।
भारतीय महिला टीम ट्रॉफी के साथ
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, 'हमारी महिला क्रिकेट टीम ने अपने समर्पण और निपुणता से हमें गर्व महसूस कराया है। महिला एशिया कप जीतने पर टीम को शुभकामनाएं। इन्होंने शानदार शैली और टीम वर्क दिखाया। खिलाड़ियों को आगामी चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं।'
Our women cricket team makes us proud with their grit and dexterity! Congratulations to the team for winning the Wo… t.co/h9ubop5D5U
— ANI (@ANI) Oct 15, 2022
बता दें कि भारतीय टीम ने सातवीं बार एशिया कप खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम को जीत दिलाने में ओपनर स्मृति मंधाना और तेज गेंदबाज रेनुका सिंह ने अहम भूमिका निभाई। मंधाना ने केवल 25 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। वहीं रेनुका ने श्रीलंका के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस करके रख दिया था। श्रीलंकाई टीम 14 साल में अपना पहला फाइनल मुकाबला खेल रही थी। उसकी शुरूआत खराब रही जब कप्तान चमारी अट्टापट्टु रन आउट हुईं।
रेनुका के एक ओवर में टीम हैट्रिक बनी और कुल तीन विकेट गिरे। पावरप्ले की समाप्ति पर श्रीलंका का स्कोर 16/5 था। एक समय ऐसा लग रहा था कि श्रीलंकाई टीम 50 रन के अंदर ऑलआउट हो जाएगी। मगर श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनरों का अच्छे से सामना किया और पूरे 20 ओवर खेलने में कामयाब हो गईं। श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 65 रन बनाए। जवाब में मंधाना की तेजतर्रार पारी के सामने श्रीलंकाई गेंदबाज बौने साबित हुए और भारत ने आसानी से 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
भारत की जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'हमें अपने गेंदबाजों को श्रेय देना चाहिए। पहली ही गेंद से हमारी फील्डिंग दमदार थी। हमने विचार कर रखा था कि आसानी से रन नहीं जाने देंगे। आपको विकेट पढ़कर सही पोजीशन पर फील्डर तैनात करने होते हैं। हमने अच्छे से विकेट को पढ़ा और उसी हिसाब से फील्डिंग लगाई।'
