स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड के दौरे पर है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले दोनों टीमों के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जा चुकी है। अब 10 जुलाई से दोनों टीमों के बीच लॉर्ड्स में इकलौता टेस्ट मैच खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। ऐतिहासिक मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है।
पिछले हफ्ते टॉनटन में इंग्लैंड के खिलाफ इंडिया-A के मैच के दौरान घुटने में कट लगने और टांके आने की वजह से प्रतिका रावल इस टेस्ट मैच से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रिया पुनिया को टीम में शामिल किया गया है। लॉर्ड्स मैदान पर यह पहला महिला टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह ऐतिहासिक मौका मेंस का पहला टेस्ट मैच खेले जाने के 142 साल बाद आया है। इसलिए दोनों टीमों के लिए यह ऐतिहासिक पल है। हालांकि, प्रतिका अब इसका हिस्सा नहीं होंगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया डेब्यू
प्रतिका ने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इसमें उन्होंने 18 (43 गेंद) और 63 (137 गेंद) रन बनाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया अपनी घरेलू जमीन पर बहुत मजबूत साबित हुआ और 10 विकेट से मैच जीत लिया।
हेड कोच ने की पुष्टि
हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा, भारत ए के मैच में लगी चोट के कारण प्रतिका टेस्ट मैच से बाहर हो गई हैं। उनके घुटने पर गहरा कट लगा था जिसके लिए टांके लगाने पड़े। इसलिए वह यह टेस्ट नहीं खेल पाएंगी और उनकी जगह प्रिया पूनिया को टीम में शामिल किया गया है।
वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भी हुईं थी चोटिल
पिछले साल भारत में आयोजित वनडे विश्व कप के दौरान भी प्रतिका रावल को बड़ा झटका लगा था। टूर्नामेंट के दौरान उनका टखना मुड़ गया था, जिसके कारण वह सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबल नहीं खेल पाईं। इसके अलावा वह WPL के पूरे सीजन से बाहर रहीं। प्रतिका ने साल 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
