क्रिकेट

टैमी ब्यूमोंट ने 17 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को कहा अलविदा, भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट होगा आखिरी मैच

इंग्लैंड की ओपनर टैमी ब्यूमोंट ने घोषणा की है कि वह 10 जुलाई से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो जाएंगी। हालांकि, वह घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगी, जिसकी शुरुआत जुलाई में बर्मिंघम फीनिक्स के लिए 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट से होगी।

Image

टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड महिला क्रिकेट की टीम सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। वह भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र लॉर्ड्स टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। हालांकि, वह घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगी, जिसकी शुरुआत जुलाई के अंत में होगी।

टैमी ब्यूमोंट ने इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में 260 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 612 टेस्ट रन, 4738 वनडे रन और 1975 T20I रन बनाए हैं। वह इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाली खिलाड़ी के तौर पर अपना करियर खत्म कर रही हैं।

2017 में जीता महिला विश्व कप

जब 2017 में इंग्लैंड ने अपने घरेलू मैदान पर महिला विश्व कप जीता था। तब वह 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी रही थीं और 410 रनों के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी थीं। ब्यूमोंट उन दो इंग्लिश महिला खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने दोहरा शतक लगाया है। उन्होंने 2023 में ट्रेंट ब्रिज में एशेज टेस्ट में 208 रन बनाए थे।

17 साल के क्रिकेट करियर को कहा अलविदा

ब्यूमोंट ने कहा, 'लगभग 17 सालों तक इंग्लैंड के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान रहा है। जब मैं छोटी उम्र में क्रिकेट खेलने की ओर आकर्षित हुई थी, तब मुझे शायद ही पता था कि इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना भी एक विकल्प हो सकता है। यह सोचकर मुझे बहुत खुशी होती है कि कितनी लड़कियां और लड़के प्रेरित हुए हैं। खासकर इस गर्मी में और हमारे देश में यह खेल कितनी दूर आ गया है।'

'अब समय आ गया है'

उन्होंने आगे कहा, हम हमेशा अगली पीढ़ी के लिए इस विरासत को आगे बढ़ाना चाहते थे और अब समय आ गया है कि मैं यह जिम्मेदारी इंग्लैंड के खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को सौंप दूं। लॉर्ड्स में होने वाला यह टेस्ट मैच, जो महिलाओं का लॉर्ड्स में पहला टेस्ट है, मेरे करियर को अलविदा कहने का सबसे सही मौका लगता है। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरा करियर इतना खास होगा।

ब्यूमोंट ने कहा, मैं उन सभी कोच और सपोर्ट स्टाफ का भी शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जिनके साथ मैंने इतने सालों तक काम किया है, अपनी उन टीम-मेट्स का जिनके साथ मैंने कई शानदार पल बिताए हैं और अपने दोस्तों और परिवार का भी, इतने सालों तक आपके प्यार और साथ के बिना मैं यहां तक नहीं पहुंच पाती।

10 जुलाई से खेला जाएगा ऐतिहासिक मैच

बता दें कि इंग्लैंड महिला टीम और भारतीय महिला टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। यह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाने वाला पहला महिला टेस्ट मैच होगा। टी20 वर्ल्ड कप के बाद इंग्लैंड और भारत पहली बार मैदान पर उतरेंगे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article