Pakistan Qualification Scenarios in Super 8: पहले यूएसए से उलटफेर और अब साधारण बल्लेबाजी से टीम इंडिया के खिलाफ जीती हुई बाजी की हार ने पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दी है। रविवार को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का सबसे कम टोटल डिफेंड करते हुए पाकिस्तान को 6 रन से पटखनी दे दी। इस हार ने पाकिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने का समीकरण पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। अब बाबर की टीम पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
भारत बनाम पाकिस्तान (साभार-PCB)
प्वाइंट्स टेबल में कौन कहां?
ग्रुप ए के प्वाइंट्स टेबल की बात करें को 2 मैच में 4 प्वाइंट्स के साथ टीम इंडिया टॉप पर है जबकि मेजबान यूएसए की टीम भी 2 मुकाबला जीत कर दूसरे नंबर पर है। पाकिस्तान की टीम इस ग्रुप में लगातार 2 हार झेलकर चौथे नंबर पर है और नेट रन रेट के आधार पर उसकी हालत आयरलैंड से भी बदतर है। ऐसे में पाकिस्तान को सुपर 8 में जाने के लिए बाकी बचे दो मैच में जीत के साथ दूसरी टीम खासतौर से टीम इंडिया की मदद लगेगी।
पाकिस्तान के लिए आगे की राह
अब भी पाकिस्तान की टीम सुपर-8 में पहुंचने के समीकरण से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है। उसे सुपर-8 में पहुंचने के लिए अपने बाकी दो मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। पाकिस्तान को 11 जून को कनाडा से और 16 जून को आयरलैंड से मैच खेलना है जिस पर सबकी नजर रहेगी।
पाकिस्तान को चाहिए टीम इंडिया की मदद
सुपर-8 में पहुंचने के लिए न केवल पाकिस्तान को बड़े अंतर से दोनों मैच जीतने हैं बल्कि टीम इंडिया की भी मदद की जरूरत है। अगर पाकिस्तान को आगे जाना है तो उसे प्रार्थना करनी होगी कि टीम इंडिया 12 जून को होने वाले मुकाबले में यूएसए को हरा दे। इतना ही नहीं आयरलैंड को भी 14 जून को होने वाले मुकाबले में यूएसए को हराना होगा।
पाकिस्तान के सुपर-8 में जाने का समीकरण
कनाडा बनाम पाकिस्तान (11 जून)- बड़े अंतर से पाकिस्तान को जीतना होगा।
यूएसए बनाम भारत (12 जून)- इस मुकाबले में न केवल भारत जीते बल्कि यूएसए को बुरी तरह से हराए।
यूएसए बनाम आयरलैंड (14 जून)- आयरलैंड की जीत हो।
कनाडा बनाम भारत (15 जून)- भारत की जीत हो।
आयरलैंड बनाम पाकिस्तान (June 16)- बड़े अंतर से जीते पाकिस्तान
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि पाकिस्तान की टीम आईसीसी इवेंट के शुरुआत में ही बाहर जाने की कगार पर खड़ी है। हर बार पाकिस्तान की टीम ने सफलतापूर्वक वापसी की है। लगातार टीम में हो रहे बदलाव से जूझ रही बाबर की टीम के पास इस बार भी सबको चौंकाने का सुनहरा मौका है।
