PAK vs SL 1st Test Day 4 Highlights: डेब्यूटेंट साकिब की घातक गेंदबाजी की बदौलत मैच में लौटा पाकिस्तान, ड्रॉ की ओर बढ़ा रावलपिंडी टेस्ट

पाकिस्तान की टीम रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच में डेब्यूटेंट साकिब खान की घातक गेंदबाजी की बदौलत वापसी करने में सफल रही। खराब रोशनी के कारण चौथे दिन भी खेल को जल्दी खत्म करना पड़ा। ऐसे में मैच डॉ की तरफ बढ़ गया है।

रावलपिंडी: युवा तेज गेंदबाज साकिब खान ने अपने पदार्पण टेस्ट में सात विकेट लेकर पाकिस्तान को गुरुवार को शानदार वापसी कराई जिससे पहले टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका की टीम 446 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि बारिश और खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समय से पहले रोकना पड़ा।साकिब ने अपने पहले ही टेस्ट में 130 रन देकर सात विकेट झटके जिससे दिन की शुरूआत चार विकेट पर 404 रन से करने वाली श्रीलंका की टीम 446 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह मेहमान टीम को पहली पारी में 12 रन की मामूली बढ़त मिली।

Pakistan Cricket team

पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट PCB)

इसके जवाब में पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में 21.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए थे। दूसरे सत्र के बीच में खराब रोशनी के कारण दोपहर 3:05 बजे खेल रोक दिया गया। इसके बाद बारिश के चलते दिन का खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान की कुल बढ़त अब 45 रन हो गई है। स्टंप के समय अजान अवैस 22 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्हें 17 रन के निजी स्कोर पर श्रीलंकाई कप्तान कुसल मेंडिस ने विकेट के पीछे जीवनदान दिया था। दूसरी ओर पाकिस्तान के चार पदार्पण करने वाले खिलाड़ियों में शामिल मोहम्मद ताहा 55 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। उन्होंने पहली पारी में भी शानदार अर्धशतक लगाया था।

End of Feed