PAK (Pakistan) vs ENG (England) 1st Test Pitch Report And Multan Weather Forecast: पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमों के बीच तीन मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज मुल्तान के मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार 7 अक्तूबर को होने जा रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 से करारी हार के बाद पाकिस्तान की टीम की नजरे इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार वापसी करने पर है। बांग्लादेश के खिलाफ हार ने पाकिस्तानी टीम को बुरी तरह झखझोरकर रख दिया। टीम मैनेजमेंट से लेकर खिलाड़ियों तक हर किसी की कड़ी आलोचना हुई। ऐसे में पाकिस्तान टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए नए सिरे से अपनी तैयारी की है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
कोच जेसन गिलेस्पी ने इंग्लैंड को चुनौती देने के लिए टीम को तैयार किया है। मुल्तान की पिच भी अहम भूमिका इस मुकाबले में अदा करेगी। इंग्लैंड का बैजबॉल प्लान भारत के खिलाफ इस साल की शुरुआत में नाकाम रहा था ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ बैजबॉल की रणनीति को कारगर साबित करने की बड़ी चुनौती इंग्लैंड के सामने हैं। सीरीज के पहले टेस्ट में बेन स्टोक्स के पूरी तरह फिट नहीं हो पाने की वजह से इंग्लैंड की टीम की कमान कार्यवाहक कप्तान ओली पोप(Ollie Pope) के हाथों में है। वहीं पाकिस्तानी टीम की कमान शान मसूद (Shan Masood) के हाथों में है।
ऐसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत (PAK vs ENG Head to Head)
पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमों के बीच अबतक कुल 88 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। जिसमें से 28 में इंग्लैंड और 21 पाकिस्तान विजयी रहा है जबकि 39 मुकाबले ड्रॉ समाप्त हुए हैं। पाकिस्तान की टीम अपने घर पर इंग्लैंड के खिलाफ केवल 4 टेस्ट जीत सकी है जबकि इंग्लैंड ने पाकिस्तान में 5 टेस्ट जीते हैं। पिछली बार इंग्लैंड ने जब टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था तब तीन मैच की सीरीज उसने 3-0 के अंतर से अपने नाम की थी। ऐसे में एक बार फिर इंग्लैंड को ही पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत का दावेदार माना जा रहा है।
पाकिस्तान-इंग्लैंड पहले टेस्ट की पिच रिपोर्ट (PAK vs ENG 1st Test Multan Cricket Stadium Multan Pitch Report)
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मुल्तान के मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम की सतह लाल गेंद वाले क्रिकेट में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है। प्रशंसक यहां हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद कर सकते हैं। गेंद पर बहुत कम हलचल होगी और बल्लेबाज यहां पांच दिन के खेल में सपाट विकेट की उम्मीद कर सकते हैं। शुरुआत में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिलने की संभावना है, लेकिन कुल मिलाकर इस मुकाबले में रनों की बारिश होगी।
कैसा रहेगा मुल्तान का मौसम? (Multan Weather Forecast On 7 October)
मुल्तान में 7-11 अक्तूबर तक पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। मुल्तान में सुबह 10 बजे से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। टॉस मैच से आधा घंटा पहले होगा। सोमवार को मुल्तान में गर्मी रहेगी। तापमान 33 डिग्री से 38 डिग्री के बीच रहेगा। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है। मैच के दूसरे दिन बारिश की संभावना 40 प्रतिशत तक जताई गई है। दूसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ने की संभावना है। इसके अलावा बाकी दिन मौसम का हाल अच्छा रहेगा।
पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमें (Pakistan and England Squads)
पाकिस्तान क्रिकेट क्रिकेट टीम (Pakistan Squad for first Test):
शान मसूद (कप्तान), सऊद शकील (उप कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद रिज़वान, अब्दुल्ला शफीक, मुहम्मद हुरैरा, सैम अयूब, सलमान अली आगा, सरफराज अहमद, आमिर जमाल, नोमान अली, अबरार अहमद, मीर हमजा, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह।
पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11(England Playing XI for First Test):
जैक क्रॉले, बेन डकेट, ओली पोप(कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ(विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, ब्रेडन कार्स (डेब्यू), जैक लीच और शोएब बशीर।
