एनजीटी ने लगाई तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक, जानिए क्या है मामला

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने तीन क्रिकेट स्टेडियमों को अगली सुनवाई तक उसकी अनुमति के बिना किसी भी खेल गतिविधि के आयोजन पर रोक लगा दी है।

नई दिल्ली: जल संरक्षण से जुड़े मामले में सख्त रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने तीन क्रिकेट स्टेडियमों को अगली सुनवाई तक उसकी अनुमति के बिना किसी भी खेल गतिविधि के आयोजन पर रोक लगा दी है। अधिकरण ने कहा कि इन स्टेडियमों ने केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) और एनजीटी की ओर से जारी कई नोटिस के बावजूद अपना जवाब दाखिल नहीं किया। यह अंतरिम आदेश क्रिकेट मैदानों के रखरखाव में ’सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी)’ से शोधित पानी के स्थान पर भूजल या ताजा जल के इस्तेमाल और भूजल संरक्षण के लिए वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित नहीं करने से जुड़े मामले में दिया गया है।

National Green Tribunal

राष्ट्रीय हरित अधिकरण

इन 6 स्टेडियम को जारी किया था नोटिस

इससे पहले अप्रैल में एनजीटी ने देश के छह क्रिकेट स्टेडियमों को नोटिस जारी कर पूछा था कि सीजीडब्ल्यूए को मैदान और पिच के रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले पानी के स्रोत की जानकारी नहीं देने के कारण उनकी गतिविधियों पर रोक क्यों न लगाई जाए। इन स्टेडियमों में नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम, मुंबई का डॉ डीवाई पाटिल स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम और कटक का बाराबती स्टेडियम शामिल थे।

End of Feed