NZW vs SLW T20: दक्षिण अफ्रीका को हराकर उलटफेर करने वाली श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप से हुई बाहर

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Feb 20, 2023, 12:00 PM IST

महिला टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका को न्यूजीलैंड ने 102 रन से हराया। इसी हार के साथ श्रीलंका महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई। टीम की यह टी20 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी हार है।

NZW vs SLW Womens T20 World Cup: महिला टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा उलटफेर करने वाली श्रीलंका महिला टीम अब खुद ही उलटफेर की शिकार हो गई। लीग के चौथे मुकाबले में श्रीलंका टीम को न्यूजीलैंड ने 102 रन के विशाल अंतर से हराया। टीम की यह वर्ल्ड कप में चार मैचों में लगातार दूसरी हार है। टीम 4 अंक के साथ पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर है, जबकि 4 अंक के साथ ही न्यूजीलैंड दूसरे नंबर पर है।

New Zealand womens team.

न्यूजीलैंड महिला टीम की खिलाड़ी। (फोटो- टी20 वर्ल्ड कप के ट्विटर से )

सूजी बेट्स और अमेलिया केर ने की अच्छी शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। छठे ओवर की चौथी गेंद पर टीम को पहला झटका लगा। बर्नाडाइन बेजुइेनहॉट (Bernadine Bezuidenhout) 20 गेंद पर पांच चौकों की मदद से 32 रन बनाए। इसके बाद वे अचिनी कुलसुरिया की गेंद पर चमारी अट्टापटटू को कैच थमा बैठी। इसके बाद सूजी बेट्स (Suzie Bates) ने दूसरे विकेट के लिए अमेलिया केर (Amelia Kerr) के साथ 83 गेंद पर 110 रन की साझेदारी कर टीम को 150 के पार पहुंचाया। अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर सूजी बेट्स स्टंप हो गईं और इसके दो गेंद बाद अमेलिया केर रन आउट हो गईं। कप्तान सोफी डिवाइन तीन गेंद पर तीन रन बनाकर नाबाद रहीं।

ताश के पत्तों की तरह बिखरा श्रीलंका

न्यूजीलैंड के सामने श्रीलंका महिला टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। टीम 15.5 ओवर में 60 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 25 रन के अंदर टीम के तीन खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट गए। टीम के सिर्फ दो खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा छू पाए। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 21 गेंद पर दो चौकों की मदद से टीम के लिए सबसे ज्यादा 19 रन बनाए, जबकि मालशा शेहानी ने 13 गेंदों पर 10 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक चौका भी जड़ा। इसके अलावा टीम के अन्य खिलाड़ी 10 का व्यक्तिगत स्कोर पार नहीं कर पाए।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अट्टापट्टू ने जड़ा था अर्धशतक

श्रीलंका टीम की कप्तान चमीरा अट्टापट्टू (Chamari Athapaththu) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आक्रामक पारी खेली थीं। अट्टापट्टू ने 50 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से सबसे ज्यादा 68 रन बनाए थे। इस मुकाबले में श्रीलंका टीम ने दक्षिण अफ्रीका को राेमांचक मुकाबले में महज 3 रन से हराया था। श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 129 रन बनाए थे, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका निर्धारित ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बना सकी थी।

End of Feed