NZ T20 WC Squad: न्यूजीलैंड ने स्पिन गेंदबाजों से भरी टी20 विश्व कप टीम का किया ऐलान, RCB के तेज गेंदबाज को भी मिली जगह
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 7, 2026, 11:58 AM IST
NZ T20 WC Squad: न्यूजीलैंड ने स्पिन गेंदबाजों से भरी टी20 विश्व कप टीम की घोषणा की है। 15 सदस्यीय टीम में तेज गेंदबाज जैक डफी को भी जगह दी गई है। लॉकी फर्ग्यूसन और एडम मिल्ने को भी टीम में शामिल किया है। मिचेल सैंटनर टीम की अगुआई करेंगे। काइल जैमीसन को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है।
जैक डफी को मिली टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह। फोटो (BLACKCAPS X)
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड ने भारत और श्रीलंका की परिस्थितियों और अनुभव को ध्यान में रखते हुए स्पिन गेंदबाजों से सजी टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम की घोषणा की है। शानदार फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज जैक डफी को टीम में शामिल किया गया है। मिचेल सैंटनर टीम की कमान संभालेंगे, जो चोट से वापसी कर रहे हैं।
आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहने वाले गेंदबाज डफी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2025 का समापन 36 मैचों में 17 के औसत से कुल 81 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेकर किया। उन्होंने सर रिचर्ड हैडली के 79 विकेट के 40 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अनुभवी खिलाड़ियों से भरी टीम में शामिल होने के बावजूद डफी एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अभी तक टी20 विश्व कप नहीं खेला है।
RCB ने ऑक्शन में खरीदा
उनकी शानदार फॉर्म पर सबकी नजर है क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी में 2 करोड़ रुपये में खरीदा है। विश्व कप में वह लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी और एडम मिल्ने जैसे अनुभवी तेज गेंदबाजों के साथ गेंदबाजी करेंगे। वहीं जेम्स नीशम सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में टीम को मजबूती प्रदान करेंगे। काइल जैमीसन को रिजर्व तेज गेंदबाज के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
टीम में शामिल है चार स्पिनर
कप्तान सैंटनर के अलावा चार अन्य स्पिन विकल्प भी हैं, जिनमें न्यूजीलैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा टी20I विकेट लेने वाले ईश सोढ़ी एकमात्र स्पिन विशेषज्ञ हैं। साथ ही ऑलराउंडर माइकल ब्रैसवेल, ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र भी शामिल हैं। सैंटनर और सोढ़ी के लिए, भारत में होने वाला टी20 विश्व कप एक तरह से इतिहास का दोहराव होगा, क्योंकि दोनों खिलाड़ियों ने 2016 में भारत में आयोजित इसी टूर्नामेंट में अपना नाम कमाया था। वहीं, फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, डेरिल मिशेल और टिम सीफर्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज की भूमिका में हैं।चोट से वापसी करेंगे कई खिलाड़ी
भारत में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले सीफर्ट, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में कुछ समय बिताने के बाद टीम में शामिल होंगे, जहां उन्होंने मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए अपने अभियान की शुरुआत पांचवें टी20 शतक (56 गेंदों में 102 रन) के साथ की थी। टीम में शामिल, एलन (उंगली/हैमस्ट्रिंग), चैपमैन (टखना), फर्ग्यूसन (पिंडली), हेनरी (पिंडली) और सैंटनर (एडक्टर) चोट से वापसी कर रहे हैं। इन सभी की निगाहें वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट होने पर है।टी20 वर्ल्ड कप के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाडः-
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, एडम मिल्ने, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी।
रिजर्व खिलाड़ी:- काइल जैमीसन