क्रिकेट

IND vs NZ ODI: फिर धूम मचाएंगे रोहित-कोहली, 'रो-को' को रोकने के लिए कीवी तैयार; यहां मिलेगी वनडे सीरीज से जुड़ी हर जानकारी

India vs New Zealand ODI Series: साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-1 से मिली जीत के बाद भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं। अब नए साल में न्यूजीलैंड से भिड़ने को तैयार हैं। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20I और तीन वनडे मैच की सीरीज खेलेगी। 11 जनवरी से वनडे सीरीज का आगाज होगा। एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली मैदान पर उतरेंगे।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का पूरा कार्यक्रम।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के पास अपनी तैयारियों को अमलीजामा का सुनहरा मौका है। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20I और तीन वनडे मैच की सीरीज खेलेगी। टी20I सीरीज से पहले भारतीय टीम वनडे सीरीज खेलेगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-1 से मिली जीत के बाद भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं।

वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में कप्तान शुभमन गिल, उप-कप्तान श्रेयस अय्यर और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है। एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी मैदान पर नजर आएगी। यह सीरीज दोनों दिग्गजों के वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलने की उम्मीदों को और बल देगी।

9 साल का सूखा खत्म करना चाहेगा न्यूजीलैंड

वहीं, दूसरी तरफ न्यूजीलैंड टीम की कमान माइकल ब्रेसवेल के हाथ में है। वह टीम को 9 साल बाद भारतीय सरजमीं पर जीत का स्वाद चखाना चाहेंगे। पिछली बार न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ भारतीय धरती पर वनडे मैच साल 2017 में जीता था। तब यह मैच वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें कीवी टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

आंकड़ों की बात करें तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 120 वनडे मैच खेले गए हैं। इसमें भारत का पलड़ा भारी है। भारत ने 62 बार तो न्यूजीलैंड ने 50 बार जीत दर्ज की है। 7 मैचों का कोई रिजल्ट नहीं आया है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। भारत ने घर में 31 बार जीत दर्ज की है और घर के बाहर 14 जीत दर्ज की है।

न्यूजीलैंड ने घर में खेलते हुए 26 बार मुकाबला जीता है, जबकि घर के बाहर केवल 8 बार बाजी मारी है। नेचुरल वेन्यू पर भारत ने 17 बार और न्यूजीलैंड ने 16 बार जीत दर्ज की है। कुल मिलाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी है।

IND vs NZ लाइव स्ट्रीमिंग

भारत और न्यूजीलैंड के बीच की वनडे सीरीज के मैच भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे से खेले जाएंगे। वनडे सीरीज का लाइव टेलिकास्ट स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर उपलब्ध होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल-
मैचतारीखवेन्यू
पहला वनडे मैच11 जनवरी 2026वडोदरा
दूसरा वनडे मैच14 जनवरी 2026राजकोट
तीसरा वनडे मैच18 जनवरी 2026इंदौर
वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड-
भारतीय टीम- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर (खेलना फिटनेस पर निर्भर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल।

न्यूजीलैंड की टीम- माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लर्कसन, डेवोन कॉनवे, जैफ फाउल्क्स, मिच हे, कााइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनोक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल रे और विल यंग।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article