IND A vs NZ A Day 2 Highlights: मैथ्यू बॉयल की शतकीय पारी ने कराई न्यूजीलैंड ए की इंडिया ए के खिलाफ वापसी

मैथ्यू बॉयल की शानदार शतकीय पारी की बदौलत दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन न्यूजीलैंड ए की टीम इंडिया ए को करारा जवाब देने में सफल रही।

क्राइस्टचर्च: मैथ्यू बॉयल के नाबाद शतक और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ए ने रविवार को भारत ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन खराब शुरुआत से उबरते हुए तीन विकेट पर 218 रन बनाए। बॉयल 148 गेंदों पर 107 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया है। फॉक्सक्रॉफ्ट 180 गेंदों पर 80 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनकी पारी में नौ चौके शामिल हैं। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 205 रन की अटूट साझेदारी करके न्यूजीलैंड की टीम को वापसी दिलाई।

Matthew Boyle

मैथ्यू बॉयल

ध्रुव जुरेल ने जड़ा शतक, इंडिया ए ने बनाए 346 रन

इससे पहले भारतीय टीम ने कप्तान ध्रुव जुरेल (105) के शतक की मदद से अपनी पहली पारी में 346 रन बनाए। इस तरह से भारत अभी न्यूजीलैंड से 128 रन आगे है। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 13 रन था। मोहम्मद सिराज और मुकेश कुमार ने उसे शुरुआती झटके दिए। सिराज ने कप्तान राइस मारियू (04) को आउट किया, जिन्हें जुरेल ने विकेट के पीछे कैच किया। इसके बाद मुकेश ने कर्टिस हीफी (04) और टिम रॉबिन्सन (03) को आउट करके न्यूजीलैंड की टीम को मुश्किल में डाल दिया। लेकिन बॉयल और फॉक्सक्रॉफ्ट ने भारत को आगे कोई सफलता नहीं हासिल करने दी।

End of Feed