मुंबई: भारत के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए सोमवार को मुंबई टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। मुंबई को एलीट ग्रुप डी में छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हैदराबाद, ओडिशा, उत्तराखंड और विदर्भ के साथ रखा गया है। रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चार दौर के लिए टीम में जगह नहीं पाने वाले सूर्यकुमार को सफेद गेंद के टूर्नामेंट में मुंबई की कप्तानी दिए जाने की संभावना थी, बशर्ते श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होते।
सूर्यकुमार यादव (फोटो क्रेडिट BCCI X)
शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर को मिली है टीम में जगह
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने बयान में कहा, 'भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव मुंबई टीम की अगुआई करेंगे। वह अपने अपार अंतरराष्ट्रीय अनुभव, नेतृत्व क्षमता और आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मजबूती देंगे।' टीम में भारत के ऑलराउंडर शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर को भी शामिल किया गया है। हाथ में चोट के कारण रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में नहीं खेल पाने वाले शार्दुल प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेंगे। मुंबई की टीम 14 नवंबर को कोलकाता में हैदराबाद के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
सूर्या का टी20 में कप्तानी रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव ने अबतक कुल 52 टी20 मैच में कप्तानी की है इसमें से 40 मैच में उन्हें जीत और 8 में हार का सामना करना पड़ा है। 2 मैच रद्द हो गए और 2 मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। उनकी कप्तानी में जीत प्रतिशत 82 का रहा। उन्होंने आईपीएल में 5 मैच में मुंबई इंडियन्स की कमान संभाली है जिसमें से 2 में टीम को जीत मिली और 3 में हार का सामना टीम को करना पड़ा।
मुंबई की टीम : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, दिव्यांश सक्सेना, सुवेद पारकर, मुशीर खान, सरफराज खान, साईराज पाटिल, शिवम दुबे, अथर्व अंकोलेकर, शम्स मुलानी, मैक्सवेल स्वामीनाथन, तुषार देशपांडे, शारदुल ठाकुर, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और हार्दिक तामोरे।
(भाषा)
