MS Dhoni Last IPL: शनिवार को खेले गए नॉकआउट सरीखे मुकाबले में आरसीबी ने न केवल चेन्नई सुपर किंग्स को पटखनी दी बल्कि क्वालीफिकेशन के लिए आवश्यक शर्त भी हासिल कर ली और लगातार 6 मुकाबला जीत कर प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आरसीबी को यह मुकाबला 18 रन के अंतर से जीतना था और उसने यह मुकाबला 27 रन के अंतर से जीता। इस हार के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2024 का सफर खत्म हो गया और वह प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली आखिरी टीम बन गई।
एमएस धोनी (साभार- IPL)
धोनी और जडेजा ने बढ़ाई थी उम्मीद
219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में निराश किया, लेकिन आखिर के कुछ ओवर में रवींद्र जडेजा और एमएस धोनी ने उम्मीद बढ़ा दी थी। दोनों ने 7वें विकेट के लिए केवल 26 गेंद में 61 रन जोड़े। जब दोनों बल्लेबाजी कर रहे थे तो ऐसा लगा कि चेन्नई क्वालीफिकेशन के लिए जरूरी 200 रन बना लेगी। लेकिन आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर एमएस धोनी आउट हो गए।
एमएस धोनी
क्या धोनी की यह आखिरी IPL पारी थी?
धोनी इस मुकाबले में भी अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने 13 गेंद में 25 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 192 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 3 चौके और 1 छक्का लगाया। अब सवाल उठता है कि क्या आईपीएल में एमएस धोनी की यह आखिरी पारी थी, कम से कम उनके साथी खिलाड़ी के पोस्ट से तो यही लगता है। इतना ही नहीं मैच के बाद अक्सर कूल दिखने वाले माही निराश नजर आए और आरसीबी के खिलाड़ियों से बिना हाथ मिलाए अंदर चले गए।
साथी खिलाड़ी ने दिया संकेत
कभी धोनी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सीएसके के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज ने कैप्टन कूल के साथ एक तस्वीर पोस्ट की है जिसके बाद ऐसा लगता है कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल मुकाबला हो सकता है। आरपी सिंह के इस तस्वीर में एमएस धोनी के साथ मिस्टर आईपीएल सुरेश रैना भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस तस्वीर के कैप्शन में जो लिखा है उससे यही संकेत मिलता है कि धोनी ने अपना आखिरी आईपीएल मुकाबले खेल लिया। दरअसल आरपी सिंह ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा है 'यह जरूरी नहीं है कि हर एक कहानी का अंत अच्छा हो,इतिहास सदैव उनका स्मरण करता है जो समर में आखिरी तक डटे रहे !!
एमएस धोनी
एमएस धोनी का आईपीएल करियर
एमएस धोनी के लिए यह सीजन शानदार रहा है। उन्होंने इस सीजन 53.67 की औसत और 220.54 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए जिसमें उन्होंने 14 चौके और 13 छक्के लगाए। धोनी के आईपीएल करियर की बात करें तो 264 मैच में उनके नाम 5,243 रन है। उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए हैं और उनका उच्चतम स्कोर आरसीबी के खिलाफ 84 रन रहा है।
