रजत पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल से पहले भरी टीम इंडिया में वापसी की हुंकार

साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा है कि उन्हें हाथ आए मौके का फायदा नहीं उठा पाने का अफसोस है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल से पहले टीम इंडिया में वापसी की हुंकार भरी है।

बेंगलुरू: रजत पाटीदार का अंतरराष्ट्रीय करियर उस तरह आगे नहीं बढ़ पाया जैसा वह चाहते थे लेकिन मध्य प्रदेश के बल्लेबाज को घरेलू मैचों के जरिये फिर से मौका हासिल कर भारतीय टीम की जर्सी पहनने का भरोसा है। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ पाटीदार छह पारियों में केवल 63 रन बना सके थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हालांकि रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चरण और मौजूदा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

Rajat Patidar

रजत पाटीदार (साभार IPL/BCCI)

हाथ आए मौके को नहीं भुना पाने का है अफसोस

पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल की पूर्व संध्या पर शनिवार को यहां कहा,'मुझे टेस्ट टीम में जगह बनाकर अच्छा लगा था। मुझे हालांकि कभी-कभी बुरा लगता है कि मैं मौके को भुना नहीं पाया। कभी-कभी चीजें आपके मुताबिक नहीं होतीं और यह ठीक है।'पाटीदार ने अपनी ‘असफलता’ स्वीकार कर ली है और उस निराशा को पीछे छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि चीजों को स्वीकार करना सफलता की ओर बढ़ने का पहला कदम है। आपको यह स्वीकार करना होगा कि क्रिकेट यात्रा में असफलता मिलेगी। इसलिए, मेरे लिए इसका सामना करना और इससे सीखना महत्वपूर्ण है। मैंने इसे स्वीकार कर लिया है और मैं आगे बढ़ रहा हूं। यह खेल का अहम हिस्सा है। मैं मौके को दोबारा बना सकता हूं।'

End of Feed