New BCB President: बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल (Tamim Iqbal) बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। अप्रैल में सरकार द्वारा बीसीबी के निदेशक मंडल को भंग किए जाने के बाद तमीम अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। नया पदभार संभालने के बाद तमीम ने बोर्ड को और अधिक पारदर्शी बनाने का संकल्प लिया।
तमीम इकबाल बने बीसीबी अध्यक्ष
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि हम यथासंभव पारदर्शी रहेंगे। क्योंकि मैं नहीं चाहता कि मेरे बोर्ड का कोई भी सदस्य ऐसा कुछ करे जिससे हम विवादों में घिरें। मेरी ओर से और पूरे बोर्ड की ओर से, हम कह सकते हैं कि हम पूरी ईमानदारी से काम करने का प्रयास करेंगे।” उन्होंने स्वीकार किया कि उनके चार साल के कार्यकाल में चुनौतियां आएंगी, लेकिन उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और खेल के हितों की रक्षा पर ही ध्यान केंद्रित रहेगा।
आगे कई कठिन रास्ते आने वाले हैं
तमीम ने कहा, “आगे कई कठिन रास्ते आएंगे। हम गलतियां करेंगे, उनसे सीखेंगे, सही काम करेंगे, यही हमें करना चाहिए और यही हम करेंगे। लेकिन क्रिकेट के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खिलाड़ियों को उतना ही सम्मान दिया जाएगा जितना वे हकदार हैं, न केवल वर्तमान क्रिकेटरों को, बल्कि सभी पूर्व क्रिकेटरों को, बांग्लादेश क्रिकेट से जुड़े हर हितधारक का सम्मान किया जाएगा।” तमीम ने कहा और साथ ही यह भी जोड़ा कि वे अकेले सब कुछ ठीक नहीं कर सकते।
अतीत में बोर्ड को नुकसान पहुंचाया गया है
तमीम ने कहा कि बोर्ड को अतीत में प्रतिष्ठा का नुकसान पहुंचा है और वे गलतियों को सुधारने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बोर्ड को हुए नुकसान से उबरने में मदद के लिए सभी हितधारकों को एक साथ आना होगा। तमीम ने कहा, “पिछले डेढ़ साल में जो कुछ हुआ वह सही नहीं था। मैं किसी पर दोष नहीं लगाऊंगा और न ही किसी पर उंगली उठाऊंगा। अगर हमें इस स्थिति से बाहर निकलना है, तो हमें सभी के सहयोग की जरूरत है। यह अकेले नहीं हो सकता।”
प्रतिष्ठा को पहुंचे नुकसान को ठीक करना होगा
तमीम बोले, "हमारी प्रतिष्ठा को जो नुकसान हुआ है, उसे ठीक करना होगा। अगर कोई गलती हुई है, तो उस पर चर्चा करें; जरूरत पड़ने पर हमारी आलोचना करें।य ह आपका अधिकार है। रचनात्मक आलोचना से हम बेहतर काम कर पाएंगे। आठ साल बाद, मैं आपसे नियमित रूप से फिर बात करूंगा। मैं आपको अपनी योजनाओं के बारे में सूचित करता रहूंगा।"
