एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया जीत की दहलीज पर खड़ी है। मुल्लांपुर में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 564 रन बनाए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर सिमट गई। वहीं फॉलोआन खेलते हुए भी टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। मैच के तीसरे दिन एक मजेदार घटना देखने को मिली, जब सिराज अफगानिस्तान के डिफेंसिव अप्रोच के चलते बल्लेबाजों से भिड़ गए।
रहमत शाह पर भड़के सिराज। फोटो- स्क्रीनग्रैब जियो हॉटस्टार
टेस्ट मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान की धीमी बल्लेबाजी देख भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज नाखुश दिखे। उन्होंने मैदान पर मौजूद रहमत शाह और शराफुद्दीन अशरफ पर अपनी नाराजगी जाहिर की। यह सब अफगानिस्तान की पहली पारी के दौरान हुआ जब चोट के कारण शराफुद्दीन अशरफ विकटों के बीच दौड़ नहीं पा रहे थे। इसके चलते सेट बल्लेबाज रहमत शाह भी कुछ नहीं कर पा रहे थे। दोनों बल्लेबाज सिर्फ गेंदों को रोकते रहे और बाउंड्री तो दूर स्ट्राइक रोटेट तक नहीं कर रहे थे।
डिफेंसिव अप्रोच से नाराज हुए सिराज
खेल की नीरसता देखकर सिराज परेशान हो उठे। एक तो उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था ऊपर से मैच धीरे बहुत धीमा हो गया था। इस पर उन्होंने परेशान होकर पहले विकेट पर गेंद मारी फिर रहमत से भिड़ गए। तेज गेंदबाज ने रहमत शाह को गेंद डिफेंड करने के लिए खूब खरी-खोटी सुनाई। इसके जवाब में रहमत शाह मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। उस समय कमेंट्री कर रहे इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान ने तेज गेंदबाज की प्रतिक्रिया पर सहानुभूति जताई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- SL A vs IND A Live Streaming: वैभव सूर्यवंशी कल खेलेंगे इंडिया-ए के लिए अपना पहला मैच, जानिए कब और कहां देखें मुकाबला
स्वान ने बातचीत को किया डिकोड
कमेंट्री कर रहे स्वान ने कहा, 'सिराज, रहमत से यही पूछ रहे हैं कि दोस्त तुम क्या कर रहे हो? ये क्या चल रहा है? तुम बस इसे रोक रहे हो। 250 ओवर बचे हैं।'
स्वान ने कहा, सिराज घबरा रहा है। सिराज कह रहे हैं यह हास्यास्पद है, उन्हें मैदान से बाहर निकालो और किसी ऐसे खिलाड़ी को लाओ जो वास्तव में क्रिकेट खेले। मुझे सिराज के लिए बहुत सहानुभूति है। अफगानिस्तान के ड्रेसिंग रूम में भी सभी हंस रहे हैं। भारत के पूर्व स्पिनर मुरली कार्तिक भी स्वान से सहमत थे। क्योंकि उन्हें भी यह समझना मुश्किल लग रहा था कि अफगानिस्तान के बल्लेबाज क्या करने की कोशिश कर रहे थे।
