क्रिकेट

VIDEO: फैंस को घसीटते हुए मैदान से बाहर ले जा रहे थे सुरक्षाकर्मी, फिर मोहम्मद शमी ने ऐसे जीते दिल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 17, 2023, 09:52 PM IST

Mohammed Shami viral video: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का एक वीडियो शुक्रवार को तेजी से वायरल हुआ है। ये वीडियो दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम का है जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हुआ है। मैच के पहले दिन मैदान पर कुछ ऐसा हुआ जिससे शमी ने फैंस का दिल जीत लिया।

Image

मोहम्मद शमी का वायरल वीडियो (screengrab)

IND vs AUS 2nd Test, Mohammed Shami viral video: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो गया। इस मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जबकि भारतीय टीम गेंदबाजी कर रही थी। भारतीय टीम की फील्डिंग के दौरान पूरे दिन भारतीय पेसर मोहम्मद शमी सुर्खियों में रहे। वो सिर्फ अपनी शानदार गेंदबाजी ही नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो को लेकर भी चर्चा में रहे।

मैच में एक समय ऐसा आया जब एक फैन दर्शक दीर्घा को लांघते हुए मैदान में घुस आया। कई बार ऐसा होता है जब फैंस अपनी दीवानगी की हद पार कर जाते हैं और सुरक्षाकर्मियोंं के लिए सिरदर्द बन जाते हैं। ये फैन मैदान में घुसकर खिलाड़ियों से मिलने उनकी ओर दौड़ा लेकिन बीच में ही सुरक्षाकर्मिंयों ने उसे पकड़ लिया और मैदान से बाहर ले जाने लगे।

जब सुरक्षाकर्मी इस फैन को मैदान से बाहर ले जा रहे थे तब ये फैन एक बार खिलाड़ियों से मिलने की जिद्द करने लगा तो उसे घसीटना भी पड़ा। इसी बीच धक्का-मुक्की भी होने लगी जो बाउंड्री पर खड़े भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को पसंद नहीं आया। शमी खुद आगे आए और सुरक्षाकर्मियों से आग्रह किया कि फैन को आराम से बाहर ले जाएं ना कि घसीटते हुए। इस दरियादिली को देखकर स्टैंड्स में शमी के लिए तालियां भी बजीं और कुछ लोगों ने इस पल को रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया जो अब वायरल है।

मैच की बात करें तो टीम इंडिया के गेंदबाजों ने दिल्ली के मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को पहली पारी में 263 रन पर समेट दिया। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से ओपनर उस्मान ख्वाजा ने 81 रन, जबकि पीटर हैंड्सकॉम्ब ने नाबाद 72 रनों की पारी खेली।

वहीं भारतीय गेंदबाजों में 4 विकेट लेकर मोहम्मद शमी सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए जबकि भारतीय स्पिनर्स अश्विन और जडेजा ने 3-3 विकेट झटके। इसके बाद जवाब में उतरी टीम इंडिया ने दिन का खेल समाप्त होने तक बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए थे। कप्तान रोहित शर्मा 13 रन और केएल राहुल 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article