Mitchell Marsh On Abhishek Sharma Ahead Of IND vs AUS 1st T20: कैनबरा में बुधवार को होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज के पहले मैच से पूर्व दोनों टीमें पूरी तरह से तैयार नजर आ रही हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से मुखातिब होते हुए टीम के बढ़े हुए हौसले को जाहिर किया, वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श जब प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए तो उनसे भी तमाम सवाल किए गए। इन्हीं में एक सवाल युवा भारतीय ओपनर व दुनिया के नंबर.1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) से जुड़ा था।
अभिषेक शर्मा पर मिचेल मार्श का बयान
भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श ने अभिषेक शर्मा की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उल्लेखनीय सफलता और तेजी से बढ़ते ग्राफ के लिए उनकी प्रशंसा की है। उन्होंने स्वीकार किया कि अभिषेक उनके लिए एक बड़ी चुनौती होंगे, और वे उनके द्वारा परखे जाने के लिए उत्सुक हैं।
मार्श ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अभिषेक एक अविश्वसनीय प्रतिभा है, वह उनके लिए टोन सेट करते हैं और आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार रहे हैं। वो निश्चित रूप से हमारे लिए एक चुनौती होंगे, लेकिन यही तो आप चाहते हैं कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखना। हम इसके लिए उत्सुक हैं।"
गौरतलब है कि अभिषेक शर्मा ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत की है, जिसमें उन्होंने 23 पारियों में 849 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। वो रिकॉर्ड 926 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर.1 टी20 बल्लेबाज भी हैं।
