क्रिकेट

रोहित और विराट की तारीफ करते हुए एबी डिविलियर्स ने किनको कहा 'कॉकरोच'

AB de Villiers Calls Rohit-Virat Critics As Cockroach: साउथ अफ्रीका के महान पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के आलोचकों को ‘कॉकरोच’ करार देते हुए कहा कि यह दोनों सुपरस्टार विशिष्ट प्रतिभा की एक पीढ़ीगत जोड़ी हैं और क्रिकेट प्रशंसकों को उनके शानदार करियर के बाकी बचे पलों का जश्न मनाना चाहिए।

Image

एबी डिविलियर्स

Photo : PTI

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के आलोचकों को ‘कॉकरोच’ करार देते हुए कहा कि यह दोनों सुपरस्टार विशिष्ट प्रतिभा की एक पीढ़ीगत जोड़ी हैं और क्रिकेट प्रशंसकों को उनके शानदार करियर के बाकी बचे पलों का जश्न मनाना चाहिए।पिछले कुछ महीनों से कड़ी आलोचना का सामना कर रहे कोहली और रोहित दोनों ने टेस्ट क्रिकेट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था, लेकिन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में हुई एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी की, जिसमें भारत 1-2 से हार गया।

कोहली और रोहित का यह ऑस्ट्रेलिया का संभवत: आखिरी दौरा था जिसके अंतिम मैच में कोहली ने नाबाद 74 और रोहित ने नाबाद 121 रन बनाए। रोहित ने दूसरे मैच में 73 रन बनाए थे और उन्हें श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। डिविलियर्स ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, "रोहित ने एक और शतक लगाया जबकि कोहली ने भी रन बनाए। मैं उनके आगे की रणनीति का इंतजार कर रहा हूं।"

उन्होंने कहा, "मैं ईमानदारी से कह रहा हूं कि अगर आप क्रिकेट के प्रशंसक हैं तो इन जैसे खिलाड़ियों का जश्न मनाने का यही सही समय है। ऐसे खिलाड़ी अक्सर हमारे सामने नहीं आते। यह प्रतिभा की पीढ़ीगत जोड़ी है और हमारे लिए यह जरूरी है कि हम इनका जश्न मनाएं और उनके खेल का भरपूर आनंद लें।"

डिविलियर्स ने कोहली और रोहित के आलोचकों के प्रति बेहद सख्त रवैया अपनाया। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि लोगों में ऐसा क्या है। मैं नहीं जानता कि मैं इस तरह के लोगों को इंसान कह भी सकता हूं या नहीं। जैसे ही खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर पहुंचते हैं यह कॉकरोच अपने बिलों से बाहर निकलने लगते हैं। आखिर क्यों।"

दक्षिण अफ्रीका के इस दिग्गज ने कहा, "आप उन खिलाड़ियों पर नकारात्मक ऊर्जा क्यों डालना चाहते हैं जिन्होंने सचमुच अपने देश और क्रिकेट के इस खूबसूरत खेल के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया है? यह उनका जश्न मनाने का सही समय है। पिछले कुछ महीनो में उनकी काफी आलोचना हुई है। हर कोई उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश कर रहा है और मैं नहीं जानता कि ऐसा क्यों किया जा रहा है।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article