नई दिल्ली: भिलवाड़ा किंग्स (Bhilwara Kings) ने मंगलवार को लीजेंड्स लीग क्रिकेट (Legends League Cricket) में शानदार वापसी की और गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants) को 57 रन के विशाल अंतर से मात दी। मोर्ने वेन विक और विलियम पोर्टरफील्ड ने किंग्स के लिए बल्ले से उम्दा योगदान दिया जबकि गेंदबाजों ने भी अच्छी गेंदबाजी करके सुनिश्चित किया कि बेहतर बल्लेबाजी आक्रमण होने के बावजूद जायंट्स लक्ष्य का पीछा करते समय संघर्षरत रहे।
भिलवाड़ा किंग्स जीता
जायंट्स ने टॉस जीता और कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने पहले फील्डिंग का फैसला किया। यह फैसला सही नहीं साबित हुआ क्योंकि वेन विक और पोर्टरफील्ड ने पहले विकेट के लिए गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 117 रन की साझेदारी की। पोर्टरफील्ड ने 33 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 64 रन बनाए। वेन विक ने 28 गेंदों में चार चौके और इतने ही छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया।
अपन्ना और स्वान ने दोनों ओपनर्स को आउट किया, जब थोड़ी लय बदलती दिखी। मगर कप्तान इरफान पठान और जेसल कारिया ने क्रमश: 34 और 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली। ऐसे में भिलवाड़ा किंग्स ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 222 रन बनाए। विशाल लक्ष्य के सामने जायंट्स की टीम शुरूआत से ही लड़खड़ाई हुई नजर आई।
फॉर्म में चल रहे केविन ओ ब्रायन (2) जल्दी आउट हो गए। क्रिस गेल (15) और वीरेंद्र सहवाग (27) की साझेदारी लंबी होती कि कारिया ने दोनों को जल्दी-जल्दी आउट किया। गेल अपने डेब्यू मैच में जायंट्स के लिए प्रभावित करने में नाकाम रहे। श्रीसंथ ने मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई और जायंट्स का स्कोर एक समय 13.2 ओवर में 8 विकेट पर 96 रन हो गया था। हालांकि, यशपाल सिंह ने 29 गेंदों में 57 रन की उम्दा पारी खेलकर जायंट्स की हार का अंतर कम किया।
फिडेल एडवर्ड्स और टिनो बेस्ट ने आखिरी दो विकेट लेकर किंग्स की जीत पर मुहर लगाई। जायंट्स की टीम 19.4 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हुई। इस जीत के साथ ही किंग्स की टीम पांच अंकों के साथ अक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। याद दिला दें कि भिलवाड़ा किंग्स को अपने पिछले मैच में मणिपाल टाइगर्स के हाथों शिकस्त मिली थी।
