नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के प्रदर्शन पर इस बार भी हर किसी की निगाहें रहेंगी। हैदराबाद आगामी सीजन में एक बार फिर अपने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों पर निर्भर होगा। हालांकि, टीम का गेंदबाजी अटैक इस बार कमजोर नजर आ रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद ताकत और कमजोरी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा हैदराबाद का प्रदर्शन
सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन काफी हद तक ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की फॉर्म पर निर्भर करेगा। पिछले सीजन यह तीनों ही बल्लेबाज कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके थे, जिसके कारण हैदराबाद की टीम संघर्ष करती नजर आई थी। हालांकि, अगर हेड और अभिषेक का बल्ला चला, तो एसआरएच को रोक पाना आसान नहीं होगा। इस तिकड़ी के अलावा हेनरिक क्लासन से भी टीम को अहम योगदान की उम्मीद होगी। क्लासन आईपीएल 2025 में टीम की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। टीम ने ऑक्शन में लियाम लिविंगस्टन को भी खरीदा है, जो आईपीएल 2025 में चैंपियन बनी आरसीबी टीम का हिस्सा रहे थे।
ईशान संभालेंगे शुरुआती दौर में कमान
पैट कमिंस शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, जिसके कारण ईशान किशन टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। नीतीश कुमार रेड्डी से टीम को इस सीजन बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हर्ष दुबे को आईपीएल 2026 के ऑक्शन में टीम ने खरीदा है, जो बैट-बॉल से अहम योगदान दे सकते हैं। बतौर फिनिशर अनिकेत वर्मा पिछले सीजन अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित करने में सफल रहे थे।
हैदराबाद का गेंदबाजी आक्रमण है कमजोर
हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद का गेंदबाजी अटैक जरूर इस सीजन कमजोर दिख रहा है। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी टीम को शुरुआती मुकाबलों में खल सकती है। इसके साथ ही ईशान मलिंगा भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं। शिवम मावी, जयदेव उनादकट और हर्षल पटेल के होने के बावजूद टीम की पेस अटैक में अनुभव की कमी नजर आ रही है। स्पिन विभाग में भी टीम के पास कोई बड़ा नाम मौजूद नहीं है।
सनराइजर्स हैदराबाद स्क्वॉड (Sunrisers Hyderabad Squad):
पैट कमिंस (कप्तान), नीतीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, एस रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, ट्रेविस हेड, शिवम मावी, क्रायंस फुलेट्रा, प्रफुल हिंगे, अमित कुमार, ओंकार तुकाराम तरमले, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, ब्रायडन कार्स, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), ईशान किशन (कार्यवाहक कप्तान और विकेटकीपर), शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन और कामिंदु मेंडिस।
(IANS)
