IND vs NZ 1st Test: शतकवीर केएल राहुल ने बताया कौन सी आदत उनके लिए बन गई थी मुसीबत

वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाने वाले केएल राहुल ने बताया है कि मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने की वजह से बड़ी आदत उनके लिए कैसे बन गई थी मुसीबत?

वेलिंगटन: भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना है कि उनके करियर के मुश्किल दौर में तकनीक कभी समस्या नहीं थी और उन्हें सही दृष्टिकोण अपनाने और हर गेंद पर खेलने के प्रलोभन से बचने के कारण हाल में सफलता मिली। राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 290 गेंदों पर 136 रन की पारी खेली जो उनका 13वां टेस्ट शतक है। इस शतक से वह सेना (एसईएनए - (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने। उनकी पारी की बदौलत भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 486 रन बनाकर 118 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

KL rahul

केएल राहुल (फोटो क्रेडिट BCCI X)

मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए पड़ गई थी हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत

राहुल का बल्लेबाजी क्रम में कोई स्थान पक्का नहीं रहा। कभी उन्हें मध्यक्रम में खेलना पड़ा तो कभी पारी की शुरुआत करनी पड़ी। उन्होंने स्वीकार किया कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते समय उन्हें लगभग हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी, जो तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकती है। राहुल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,'तकनीक कभी कोई मुद्दा नहीं रही। 15 महीने तक मध्यक्रम में खेलते हुए मुझे प्रत्येक गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी। तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में बल्ले और गेंद के बीच कम संपर्क रखना सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।'

End of Feed