Josh Hazlewood magic over: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे तीन मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट सिडनी में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दिलचस्प मोड़ ले चुका है। मेजबान टीम को पहली पारी में 299 रनों पर आउट करने के बाद पाकिस्तान को दूसरी पारी में कंगारु गेंदबाजों को रोष देखने को मिला है। पाकिस्तान ने 68 रनों पर ही 7 विकेट गंवा दिए हैं। तीसरे दिन के खेल के दूसरे आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का जलवा रहा और उन्होंने पांच गेंदों में एक भी रन दिए बिना तीन विकेट चटकाए।
जोश हेजलवुड (फोटो- AP)
32 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने अपने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर सऊद शकील की दो रन की पारी को समाप्त करके पतन की शुरुआत की और फिर तीसरी गेंद पर उन्होंने साजिद खान के डिफेंस को तोड़ते हुए स्टंप्स को चकनाचूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने इसी ओवर में आगा सलमान के भी होश उड़ाते हुए उन्हें आउट कर दिया।
हेजलवुड ने 4 विकेट के साथ खत्म किया दिन
हेज़लवुड ने तीसरे दिन का खेल 5-2-9-4 के आंकड़े के साथ समाप्त किया। इससे पहले, पाकिस्तान की दूसरी पारी में बैगी ग्रीन्स ने शानदार शुरुआत की जब तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर अब्दुल्ला शफीक को शून्य पर आउट कर दिया। हेज़लवुड को भी अपने पहले ओवर में विकेट मिला, जब दूसरी गेंद पर उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद का बेशकीमती विकेट लिया।
पाकिस्तान को रिजवान और आमेर जमाल से उम्मीद
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने अपनी कुल बढ़त 82 रनों की कर ली है। मोहम्मद रिज़वान और आमेर जमाल से बहुत उम्मीदें होंगी कि वे एक बार फिर पाकिस्तान को बचाने आएंगे और एक फाइटिंग टोटल बनाने में मदद करेंगे।
