Jasprit Bumrah Fifer: टीम इंडिया के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह गुरुवार को आरसीबी के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपने रंग में नजर आए। बुमराह ने 4 ओवर में 21 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। बुमराह ने विराट कोहली, फॉफ डुप्लेसी और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ियों के विकेट चटकाकर आरसीबी के बल्लेबाजों को बांधे रखा। लेकिन दूसरे छोर पर गेंदबाजों की धुनाई होती रही और आरसीबी 20 ओवर में 8 विकेट पर 196 रन बनाने में सफल हुई।
जसप्रीत बुमराह(साभार IPL/BCCI)
आरसीबी के खिलाफ पंजा झटकने वाले पहले गेंदबाज
अपनी कहर बरपाती गेंदबाजी के दम पर बुमराह ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। बुमराह 17 साल के आईपीएल इतिहास में आरसीबी के खिलाफ पारी में पांच विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बने। उनसे पहले और कोई गेंदबाज आरसीबी के खिलाफ ये कारनामा नहीं कर सका था।
आईपीएल में डबल धमाल करने वाले पांचवें बॉलर
आईपीएल में बुमराह ने दूसरी बार पांच या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं। इससे पहले उन्होंने कोलकाता नाइट राइ़डर्स के खिलाफ पंजा झटका था। आरसीबी के खिलाफ पारी में पांच विकेट लेकर बुमराह ने दो बार ये कारनामा करने वाले गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली। बुमराह ये उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे गेंदबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के जेम्स फॉक्नर, भारत के जयदेव उनादकट, भारत के भुवनेश्वर कुमार बुमराह से पहले ये उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं।
आरसीबी के खिलाफ सबसे सफल गेंदबाज
गुरुवार को पांच विकेट अपने नाम करके बुमराह आरसीबी के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। इस मामले में बुमराह ने रवींद्र जडेजा और संदीप शर्मा को को पीछे छोड़ा। बुमराह के नाम आरसीबी के खिलाफ 27 विकेट हो गए हैं जबकि जडेजा ने 26-26 विकेट आरसीबी के खिलाफ अपने नाम किए।
झटके सबसे ज्यादा बार 3 + विकेट
बुमराह आरसीबी के खिलाफ जैसे-जैसे विकेट लेते गए उनके खाते में कई रिकॉर्ड्स दर्ज होते गए। जैसे ही उन्होंने पारी में तीन विकेट पूरे किए वो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार 3 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 21वीं बार ये कारनाम किया। उनके बाद दूसरे पायदान पर 20 के आंकड़े के साथ युजवेंद्र चहल हैं।
सबसे ज्यादा विकेटों का चौका जड़ने वाले चौथे भारतीय पेसर
जैसे ही बुमराह ने चार विकेट के आंकड़े को छुआ वो आईपीएल में सबसे ज्यादा बार भारतीय पेसर द्वारा चार या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में साझा रूप से टॉप पर पहुंच गए। लक्ष्मीपति बालाजी, मोहित शर्मा और भुवनेश्वर कुमार ऐसा 4-4 बार कर चुके हैं।
