जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, बने सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय पेसर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 3, 2024, 05:06 PM IST

Jasprit Bumrah 150 Test Wicket: भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को विशाखापट्टनम टेस्ट की पहली पारी में बोल्ड करके अपने 150 विकेट पूरे कर लिए। बुमराह कपिल देव को पछाड़कर सबसे तेज 150 विकेट चटकाने वाले भारतीय पेसर बन गए हैं।

विशाखापट्टनम: टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने हैदराबाद में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान इतिहास रच दिया है। बुमराह ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की गिल्लियां बिखेरकर टेस्ट क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे कर लिए। वो सबसे तेज गति से 150 विकेट झटकने वाले भारतीय पेसर बन गए हैं। बुमराह ने करियर के 34वें टेस्ट की 64वीं पारी के दौरान ये उपलब्धि हासिल की। बुमराह ने पारी में खबर लिखने तक 15.5 ओवर में 45 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। टेस्ट करियर में दसवीं बार बुमराह पारी में 5 विकेट चटकाने में सफल हुए हैं।

Jasprit Bumrah

जसप्रीत बुमराह

तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड

बुमराह ने चोट से उबरकर शानदार वापसी की है और वो लगातार शानदार प्रदर्शन करते जा रहे हैं। बुमराह ने सबसे तेज गति से टेस्ट में 150 विकेट चटकाने वाले पेसर बनने के लिए कपिल देव को पीछे छोड़ा। कपिल देव अपनी 67वीं टेस्ट पारी में इस मुकाम पर पहुंचे थे। वहीं जवागल श्रीनाथ को यहां तक पहुंचने के लिए 72 पारी में गेंदबाजी करनी पड़ी थी।

ऐसा रहा है अबतक प्रदर्शन

साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में टेस्ट करियर का आगाज करने वाले बुमराह ने 150 टेस्ट विकेट 20.50 के औसत और 45.2 के स्ट्राइक रेट के साथ पूरे किए हैं। इस दौरान उन्होंने 10 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। उनका टेस्ट पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 27 रन देकर 6 विकेट और मैच में 86 रन देकर 9 विकेट रहा है।

End of Feed