क्रिकेट

इरफान पठान को टीम इंडिया की सलाह, जल्द टी20 टीम में शामिल हो यह बल्लेबाज

इरफान पठान ने टीम इंडिया मैनेजमेंट से एक खास अपील की। दूसरे टी20 मैच के दौरान जब वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू किया तो टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में लेफ्ट हैंडर बल्लेबाजों की संख्या बढ़कर 7 हो गई। उन्होंने इस ओर टीम इंडिया का ध्यान खींचा है।

Image

भारतीय टीम (साभार-BCCI)

टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने टीम मैनेजमेंट से एक बड़ी अपील कर दी है। दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला था। लेकिन वैभव के आने के बाद टीम इंडिया में लेफ्ट हैंडर बैटर की संख्या 7 हो गई। इसी को लेकर इरफान पठान ने चिंता जताई है और टी20 वर्ल्ड कप 2028 से पहले आरसीबी के सबसे सफल कप्तान रजत पाटीदार को आजमाने की सलाह दी है।

मुझे उम्मीद है कि उन्हें मौका मिले

इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से टीम इंडिया का ध्यान इस ओर खींचा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा 'भारतीय टी20 टीम में इस समय लेफ्ट हैंडर बल्लेबाजों की संख्या को देखते हुए, टीम इंडिया के लिए रजत पाटीदार के नाम पर विचार करने का यह और भी बड़ा कारण है। मुझे पूरी उम्मीद है कि उन्हें मौका मिलेगा, खासकर इसलिए क्योंकि अगले टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया के पास प्रयोग करने के लिए अभी भी काफी समय है।

टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- दो दिन भी नहीं टिका अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड

शानदार रहा था आईपीएल 2026

रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी उठाई। इतना ही नहीं आरसीबी को चैंपियन बनाने में बल्ले से भी उनका अहम रोल रहा। पाटीदार ने पहली बार 500 प्लस रन बनाए। उन्होंने 14 पारी में 192.69 की स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए थे। पाटीदार ने भारत के लिए अब तक 4 मुकाबले खेले हैं, लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। पाटीदार अब तक भारत के लिए 3 टेस्ट और एक वनडे मैच खेल चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फरवरी 2024 में खेला था।

पाटीदार ने सेलेक्शन पर क्या कहा?

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद ऐसी उम्मीद थी कि इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए रजत पाटीदार का सेलेक्शन किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बीच उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ जिसमें वह सेलेक्शन पर बोलते हुए दिखे थे। उन्होंने कहा कि वह ज्यादा सेलेक्शन के बारे में नहीं सोचते हैं। वह उनके हाथ में नहीं है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article