आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्जकर फाइनल में जगह बनाई। मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ गुजरात के गेंदबाजों की रवैये से इरफान पठान नाराज दिखे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना की।
इरफान पठान ने बॉडी लाइन गेंदबाजी की आलोचना की। फोटो- AP
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान ने वैभव सूर्यवंशी पर हुई बॉडी लाइन बॉलिंग की कड़ी आलोचना की। राजस्थान रॉयल्स की पारी के 14वें ओवर में कैगिसो रबाडा की एक शॉर्ट पिच गेंद वैभव के हेलमेट पर लगी, जिसके बाद सलामी बल्लेबाज को अनिवार्य रूप से कनकशन टेस्ट कराना पड़ा।
15वें ओवर में सिराज ने शरीर पर साधा निशाना
उस शॉर्ट पिच गेंद के बाद मोहम्मद सिराज ने 15वें ओवर में भी उनके शरीर पर निशाना साधा। हालांकि, इसके बाद वैभव ने सिराज की गेंद पर छक्का जड़ा। मैच के बाद एक्स हैंडल (पहले ट्विटर) पर पठान ने जीटी के रवैये की आलोचना की और कहा कि उनके अंदर का पिता इससे सहमत नहीं था।
पठान ने की आलोचना
इरफान पठान ने लिखा, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए बॉडी लाइन बॉलिंग का तरीका मुझे ठीक नहीं लगता। मुझे पता है कि वह बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहा है, लेकिन मेरे अंदर का पिता इस बात से सहमत नहीं है।
वैभव ने खेली 96 रन की पारी
मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंद पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 96 रन की पारी खेली। 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी ने 18.4 ओवरों में 219/3 रन बनाए। शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंद में 104 रन बनाए। वहीं, साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए। गुजरात का फाइनल में आरसीबी से सामना होगा।
