क्रिकेट

Shubman Gill ने शतक जड़ रचा नया इतिहास, तोड़ा धोनी का 523 रन वाला रिकॉर्ड

गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान के खिलाफ शतकीय पारी खेल इतिहास रच दिया। वह आईपीएल प्लेऑफ में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने। साथ ही आईपीएल प्लेऑफ में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने साल 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए शतकीय पारी खेली थी।

Image

शुभमन गिल ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड।

आईपीएल 2026 के दो फाइनलिस्ट टीम मिल गई हैं। 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले फाइनल में आरसीबी के सामने गुजरात की चुनौती होगी। शुक्रवार, 29 मई को खेले गए क्वालिफायर-2 में गुजरात ने राजस्थान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। गुजरात की जीत में कप्तान शुभमन गिल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिल ने शतकीय पारी खेल आईपीएल में नया इतिहास रच दिया।

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी के 96 रन और जडेजा के 45 रनों की मदद से 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स की सलामी जोड़ी ने ही जीत की नींव रख दी। 12.5 ओवर में साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने 167 रन की साझेदारी कर राजस्थान रॉयल्स को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

गिल बने पहले कप्तान

साई सुदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 58 रन बनाकर हिट विकेट आउट हुए। इसके बाद कप्तान गिल ने 46 गेंद पर अपना शतक पूरा। इस शतक की मदद से गिल ने आईपीएल में रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी। गिल आईपीएल प्लेऑफ में शतक लगाने वाले पहले कप्तान हैं। साथ ही गिल के नाम अब जीटी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उन्होंने अहमदाबाद में 2023 क्वालिफायर-2 में एमआई के खिलाफ 49 गेंदों में बनाए गए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके अलावा वह आईपीएल प्लेऑफ में एक से अधिक शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने।

आईपीएल कप्तान के रूप में कई शतक

5 - विराट कोहली

3 - केएल राहुल

2 - शुभमन गिल

आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक

9- विराट कोहली

7- जोस बटलर

6- क्रिस गेल

6- केएल राहुल

5- संजू सैमसन

5- शुभमन गिल

गिल ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड

शुभमन गिल ने अपनी शतकीय पारी से आईपीएल प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया। वह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। गिल ने आईपीएल प्लेऑफ में अब तक खेले 13 पारियों में कुल 581 रन बनाए हैं, जबकि एमएस धोनी ने 23 परियों में कुल 523 रन बनाए थे। इस लिस्ट में सुरेश रैना अब भी 24 पारियों में 714 रन के साथ पहले स्थान पर हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article