क्रिकेट

Video: 'बच्चा ही तो है', हार से टूटा वैभव सूर्यवंशी का दिल, डग आउट में मुंह छिपा कर रोए

वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ दूसरे क्वालिफायर में शानदार पारी खेली। हालांकि, उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स जीत नहीं सकी। गुजरात से मिली 7 विकेट की हार के बाद वैभव टूट से गए। उनका डग आउट में बैठकर रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Image

मैच हारने के बाद रोने लगे वैभव सूर्यवंशी। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

छोटा बच्चा बेहद संवेदनशील होता है। अगर वह किसी चीज के लिए जिद कर ले और उसे ना मिले तो वह भावुक हो जाता है और फूट-फूट कर रोता है। ऐसा ही कुछ हुआ वैभव सूर्यवंशी के साथ। आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मिली हार से उनका दिल टूट गया। उन्हें डग आउट में मुंह छिपाकर रोते हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

राजस्थान को गुजरात के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के चलते उनका फाइनल खेलने का सपना चकनाचूर हो गया। राजस्थान ने अभी तक अपना इकलौता आईपीएल साल 2008 में जीता है। दूसरी बार खिताब जीतने की उम्मीद इस सीजन खत्म हो गई। पूरे सीजन वैभव सूर्यवंशी ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए टीम को यहां तक पहुंचाया।

अंत में मिली मायूसी

गुजरात के खिलाफ भी उनका बल्ला चला, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मैच में जब टीम मुश्किल में फंसी तो वैभव ने समझदारी दिखते हुए पारी को संभाला और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने के लिए रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 65 गेंद पर 127 रन की साझेदारी की। वैभव ने 96 रन की उम्दा पारी खेली। वह चार रन से अपना एक और आईपीएल शतक जड़ने से चूक गए। हालांकि, यह पारी भी टीम के काम न आई और अंत में उन्हें मायूसी मिली।

रोने लगे वैभव सूर्यवंशी

हार के बाद वैभव डग आउट में रोने लगे। एक बच्चा जिस तरह से अपनी पसंदीदा चीज के दूर जाने या न मिलने पर उदास होता है और चुपचाप कोने में बैठकर रोता है, कुछ यही हाल 16 साल के वैभव सूर्यवंशी का भी था। वह पहले हाथ से फिर तौलिया से और टोपी से अपना मुंह छिपाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनके आंसू फिर भी कैमरे में कैद हो गए। राजस्थान की टीम के खिलाड़ियों ने उन्हें ढांढस दिया, लेकिन उनके आंसू रुके नहीं। इस हार ने उनका दिल तोड़ दिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article