Sunrisers Hyderabad vs Kolkata Knight Riders Final Preview: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का फाइनल मैच रविवार 26 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेला जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया है। पिछले सीजन हैदराबाद की टीम एडेन मार्करम की कप्तानी में दसवें स्थान पर रही थी लेकिन पैट कमिंस की कप्तानी में टीम का चाल, चरित्र और चेहरा पूरी तरह बदल गया। टीम ने अपने मूल स्वभाव में बदलाव किया और आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरी जिसका परिणाम हमें टीम के खिताबी मुकाबले में पहुंचने के रूप में दिख रहा है। IPL Final Live Score: SRH VS KKR
ग्रिलक्रिस्ट की कप्तानी में डेक्कन चार्जर्स बनी चैंपियन
सनराइजर्स हैदराबाद के फेवर में बहुत सारे समीकरण खिताबी जीत की दिशा में इशारे कर रहे हैं। एक संयोग हैदराबाद फ्रेंचाइजी की खिताबी जीत का ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के साथ संबंध है। साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स की टीम आईपीएल का खिताब जीतने में सफल रही थी। उस टीम की कमान महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के हाथों में थी। साल 2008 में आयोजित आईपीएल के पहले सीजन में आठवें(आखिरी) पायदान पर डेक्कन चार्जर्स की टीम रही थी। लेकिन दूसरे सीजन में गिलक्रिस्ट ने टीम को खिताबी जीत दिला दी।
वॉर्नर की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीता खिताब
इसके बाद साल 2016 में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पहली बार चैंपियन बनी थी। डेविड वॉर्नर भी संयोगवश ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ही थे जिनके हाथों में टीम की कमान थी। साल 2018 में न्यूजीलैंड के केन विलियमसन की कप्तानी में हैदराबाद की टीम फाइनल में पहुंची लेकिन उसे हार का मुंह देखना पड़ा। ऐसे में एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पैट कमिंस टीम की कप्तानी कर रहे हैं और टीम फाइनल में पहुंच चुकी है तो इसी टीम की खिताबी जीत की संभावनाएं बन रही हैं।
कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स जीतेगी दूसरा खिताब?
जिस अंदाज में एडम गिलक्रिस्ट ने आखिरी पायदान पर रही टीम को फाइनल में पहुंचाया और खिताब दिलाया ऐसा ही कुछ पैट कमिंस के साथ भी होता दिख रहा है। पैट कमिंस की कप्तानी में पिछले सीजन में दसवें (आखिरी) पायदान पर रही हैदराबाद इस बार फाइनल में पहुंची है। ऐसे में ये संयोग भी हैदराबाद की खिताबी जीत की ओर इशारा कर रहा है।
