IPL 2026, GT vs PBKS Preview: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार (31 मार्च) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का चौथा मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरु होगा। पिछले बार की रनर्स-अप पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच इस मैच में रोचक जंग देखने को मिलेगी। जहां पंजाब किंग्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, वहीं गुजरात टाइटंस की कमान एक बार फिर शुभमन गिल के हाथों में होगी। श्रेयस अय्यर आईपीएल के सफल कप्तानों में शामिल है। उनके नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स ने साल 2024 में IPL ट्रॉफी जीती थी। वहीं पिछले साल उन्होंने अपनी कप्तानी के करिश्मे से पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाता था। इससे पहले साल 2020 में उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में जगह बनाई थी। अब उनका लक्ष्य पंजाब का आईपीएल खिताब जीतने का 19 साल लंबा इंतजार खत्म करने का होगा।
गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स मैच प्रीव्यू
दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस ने अपने डेब्यू सीजन साल 2022 में ही कप जीतकर सबको चौंका दिया था। इसके बाद 2023 में वह फाइनल खेली थी और रनर्स-अप रही थी। हालांकि, इसके बाद उनके पहले कप्तान हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस टीम में चले गए। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने शुभमन गिल को अपना कप्तान बनाया। हालांकि, पिछले दो सीजन में वह गुजरात को पुरानी लय नहीं दिला पाए हैं। ऐसे में शुभमन गिल को जहां अपनी कप्तानी की स्किल साबित करनी होगी, वहीं पंजाब जैसी मजबूत नजर आ रही टीम के सामने मैच जीतकर अपना आगाज अच्छा करना होगा। पिछले सीजन में गुजरात प्लेऑफ से बाहर हुई थी।
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस हेड टू हेड
आईपीएल के इतिहास में अब तक पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच कुल 6 मुकाबले हुए हैं। दोनों ही टीमें इसमें बराबरी पर रही हैं। जहां गुजरात ने 6 में से 3 मैच अपने नाम किए हैं, वहीं पंजाब किंग्स ने भी 3 मैच जीते हैं। अगर पिछले सीजन की बात करें तो IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच एक मैच खेला गया था। जिसे पंजाब किंग्स ने 11 रनों से अपने नाम किया था। वहीं IPL 2024 में दोनों टीमों ने दो मैच खेले थे। जिसमें से एक मैच पंंजाब किंग्स ने और एक मैच गुजरात टाइटंस ने जीता था।
कैसी है दोनों टीमों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी
पिछली बार की तरह ही इस बार भी पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी काफी शानदार नजर आ रही है। टीम के पास कई ऐसे धुरंधर बल्लेबाज हैं, जो पहले ही ओवर से आक्रामक बल्लेबाजी करने में माहिर हैं। टॉप ऑर्डर में प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी देखने को मिलेगी। जबकि नंबर तीन की पोजीशन पर खुद कप्तान अय्यर नजर आएंगे। वहीं गेंदबाजी की अगुवाई अर्शदीप सिंह करते नजर आएंगे और स्पिन गेंदबाजी की कमान युजवेंद्र चहल के कंधों पर होगी। दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल और साई सुदर्शन के भरोसे नैय्या पार लगाने को देख रही होगी। इसके साथ ही जोस बटलर भी धुआंधार बल्लेबाजी करने में माहिर हैं। अगर गेंदबाजी की बात करें तो तेज गेंदबाजी का जिम्मा मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कंधों पर होगा, जबकि स्पिनर के रूप में राशिद खान और साई किशोर नजर आएंगे।
पंजाब और गुजरात की आईपीएल 2026 टीमें (Punjab Kings and Gujarat Titans IPL 2026 Full Squads)
पंजाब किंग्स की आईपीएल 2026 की टीमः (Punjab Kings Full Squad)
श्रेयस अय्यर (कप्तान), युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मार्कस स्टॉयनिस, मार्को यानसन, शशांक सिंह, बेन ड्वारश्विस, नेहाल वढेरा, प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, मिचेल ओवेन, कूपर कॉनली, अजमतउल्लाह ओमरजाई, लॉकी फर्ग्युसन, विजयकुमार वैशक, यश ठाकुर, हरप्रीत बराड़, विष्णु विनोद, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद, सूर्यांश शेडगे, पायला अविनाश, मुशीर खान, हरनूर सिंह।
गुजरात टाइटंस की आईपीएल 2026 की टीमः (Gujarat Titans Full Squad)
शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, साई सुदर्शन, शाहरुख खान,
राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, साई किशोर, ग्लेन फिलिप्स, गुरनुर ब्रार, अरशद खान, जयंत यादव, इशांत शर्मा, कुमार कशाग्र, निशांत संधु, मानव सुथार, अनुज रावत, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बेंटेन, ल्यूक वुड, पृथ्वी राज यारा।
मैच का समय: शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा मैच, सात बजे होगा टॉस।
