चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए अपना घरेलू मैदान मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में जीत हासिल करने के लिए उसे खेल के प्रत्येक विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सीएसके की राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में शुरुआत निराशाजनक रही थी। युवा खिलाड़ियों से भरी उसकी टीम गुवाहाटी में किसी भी विभाग में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। सीएसके अब उस हार को भुलाकर नए सिरे से अपना अभियान शुरू करने की कोशिश करेगा।
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स, मैच प्रीव्यू
हाल ही में हुए टी20 विश्व कप के दौरान चेन्नई की पिच के व्यवहार को को देखते हुए यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट होना चाहिए। सीएसके के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी गुवाहाटी नहीं गए थे क्योंकि वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। उनका हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में रहने की संभावना है जिससे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को काफी फायदा मिलेगा। संजू सैमसन सीएसके के लिए अपने पहले मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे और वह इसकी भरपाई करने के लिए बेताब होंगे। सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में डेवाल्ड ब्रेविस की सेवाएं नहीं मिल पाई थी और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह साइड स्ट्रेन से पूरी तरह उबर चुके हैं या नहीं।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण सरफराज खान को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतारा गया लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए हालांकि वह सहज नजर आ रहे थे। टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ-साथ कार्तिक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों से और अधिक उम्मीदें की जाएंगी। गेंदबाजी की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे गेंदबाज फीके पड़ गए। वे इससे उबरने के लिए बेताब होंगे।
जहां तक पंजाब किंग्स का सवाल है तो उसने कुछ विषम परिस्थितियों से गुजरने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की। उसे ऑस्ट्रेलिया के कूपर कॉनॉली के रूप में तीसरे नंबर का भरोसेमंद बल्लेबाज मिल गया है। उन्होंने पिछले मैच में टीम को खराब शुरुआत से उबारकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। पंजाब किंग्स की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टाइटंस के खिलाफ अपनी लाइन और गति में विविधता से प्रभावित किया। उन्होंने बीच के ओवरों में रन प्रवाह रोका और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। उन्हें तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक का अच्छा सहयोग मिला।
चेन्नई और पंजाब की आईपीएल 2026 टीमें (Chennai Super Kings and Punjab Kings IPL 2026 Full Squads)
चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल 2026 की टीमः(Chennai Super Kings Full Squad)
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील होसेन, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जकारी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, आयुष म्हात्रे।
पंजाब किंग्स की आईपीएल 2026 की टीमः (Punjab Kings Full Squad)
श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मार्कस स्टोइनिस, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन द्वारशुइस, मुशीर खान, प्रवीण दुबे, विशाल निशाद, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, पाइला अविनाश, शशांक सिंह।
मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।
