KKR Chhupa Rustam: आईपीएल फाइनल में कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदाराबाद को 8 विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। केकेआर के सामने जीत के लिए केवल 114 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 2 विकेट खोकर 57 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के बाद फैंस केकेआर के मेंटॉर गौतम गंभीर की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। यह कुछ हद तक सच भी है कि गंभीर ने केकेआर में एक नई जान फूंक दी जिसका नतीजा रहा कि 10 साल बाद टीम ने आईपीएल की ट्रॉफी उठाई। लेकिन मेंटॉर गौतम गंभीर, कोच चंद्रकांत पंडित के अलावा एक और शख्स इस जीत का उतना ही हकदार है जो डग आउट में शांति से बैठकर बिना हल्ला मचाए चुपचाप अपना काम करते हैं।
कौन हैं केकेआर के गेंदबाजी भरत अरुण (साभार-IPL)
हम बात कर रहे हैं केकेआर के बॉलिंग कोच भरत अरुण की जिनके आने से केकेआर के गेंदबाजों में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला। आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में जन्मे भरत वर्तमान में केकेआर के गेंदबाजी कोच हैं। उन्होंने केवल 20 साल की उम्र में तमिलनाडू के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था।
आईपीएल के इस सीजन बतौर गेंदबाजी कोच यह उनका ही मार्गदर्शन था कि केकेआर के गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को पूरे ओवर भी नहीं खेलने दिए और 113 रन के स्कोर पर ऑल आउट कर दिया। आपको बता दें कि यह आईपीएल फाइनल का सबसे कम टोटल था।
टॉप 15 में 5 कोलकाता के गेंदबाज
अपने आदत के अनुसार बिना किसी शोर-शराबे के बॉलिंग कोच भरत अरुण ने केकेआर के गेंदबाजों के साथ इतनी शिद्दत से काम किया कि टीम आईपीएल 2024 का चैंपियन बन गई। उनकी मेहनत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विकेट लेने के मामले में टॉप-15 गेंदबाजों में 5 गेंदबाज केकेआर के थे। वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 21, हर्षित राणा ने 19, आंद्रे रसेल ने 19, सुनील नरेन 17 और मिचेल स्टार्क ने 17 विकेट चटकाए।
मिचेल स्टार्क और भरत अरुण
स्टार्क का दिया था साथ
जब शुरुआती मैच में सबसे महंगे बिके मिचेल स्टार्क पर लोग सवाल खड़ा कर रहे थे तो भरत अरुण ने इस गेंदबाज का सपोर्ट किया था। उन्होंने कहा था कि यह सिर्फ समय की बात और वह जल्द ही लय हासिल कर लेंगे। आईपीएल के पहले दो मैचों में स्टार्क के आठ ओवर में बिना किसी सफलता के 100 रन लुटाए हैं। उनका भरोसा काम आया और प्लेऑफ के 2 मैच में उन्होंने 6 विकेट चटकाए और अपनी टीम की जीत की इबारत लिखी।
टीम इंडिया की बॉलिंग कोच
टीम इंडिया के लिए भी कर चुके हैं मैजिक
यह पहली बार नहीं है जब भरत अरुण ने बतौर गेंदबाजी कोच शानदार परिणाम दिए हैं। जब वह भारतीय टीम के साथ थे, तो उन्होंने बुमराह, सिराज और टीम इंडिया के अन्य गेंदबाजों की मदद की। इस सीजन अगर हर्षित राणा और वैभव अरोड़ा इतना अच्छा कर पाए तो उनके पीछे इसी छुपे रुस्तम हीरो का हाथ था।
टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं भरत अरुण
भरत अरुण टीम इंडिया के लिए भी खेल चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट और 4 वनडे मैच खेले है जिसमें उनके नाम क्रमश: 4 और 1 विकेट है। वनडे में उनके नाम 21 और टेस्ट में 4 रन भी हैं।
