David Warner's Statement: आईपीएल 2023 में तीन सप्ताह बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स को मात देकर जीत का स्वाद चखने में सफल रही। घरेलू मैदान पर खेल रही डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और कसी हुई गेंदबाजी करते हुए कोलकाता को 20 ओवर में 127 रन पर ढेर कर दिया। जीत के लिए मिले 128 रन के लक्ष्य को चार गेंद और चार विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। डेविड वॉर्नर ने एक बार फिर कप्तानी पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। ये उनका सीजन में चौथा अर्धशतक था। अंत में अक्षर पटेल ने 22 गेंद में नाबाद 19 रन बनाकर टीम की जीत की दहलीज पार कराई।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर(साभार IPL/BCCI)
गेंदबाजों से जो कहा वो उन्होंने करके दिखाया
पहली बार सीजन में दिल्ली को जीत दिलाने के बाद कप्तान डेविड वॉर्नर ने खुशी जताते हुए कहा, दो अंक हासिल करके खुशी हो रही है। हमें अपने गेंदबाजों पर गर्व है। हमने उन्हें पॉवरप्ले में विकेट निकालने को कहा और उन्होंने ये काम कर दिखाया। उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की। हम बल्लेबाजी में भी पहले छह ओवर में अच्छी शुरुआत करना चाहते थे लेकिन ऐसा करने में नाकाम रहे। हमने गुच्छे में विकेट गंवाए जिसका खामियाजा हमें उठाना पड़ा। लेकिन अंत में जीत हासिल करना संतोषजनक रहा।
सुझावों पर किया अमल, उसका मिला नतीजा
हम सभी बल्लेबाज एक दूसरे के प्रति ईमानदार हैं और एक दूसरे से ड्रेसिंग रूप में चर्चा करते हैं कि हमें एक दल के रूप में कहां सुधार करने की जरूरत है। इस तरह की चर्चा हमने ड्रेसिंग रूम में की और सुझावों पर काम किया जिसका नतीजा हमें मिला।
