आईपीएल के 69वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद जब मुंबई के खिलाफ उतरी तो उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने पहली बार नई ओपनिंग जोड़ी के साथ पारी की शुरुआत की। मयंक अग्रवाल के साथ जम्मू कश्मीर के खिलाड़ी विव्रांत शर्मा ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 13.5 ओवर में 140 रन की शानदार शुरुआत दी।
विव्रांत शर्मा (साभार-IPL/BCCI)
यह इस सीजन में हैदराबाद की सबसे अच्छी शुरुआत थी। इस दौरान दोनों ने कई आकर्षक शॉट लगाए और अपना-अपना अर्धशतक पूरा किया। विव्रांत शर्मा ने 146.81 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंद में 69 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए।
विव्रांत ने आईपीएल में रचा इतिहास
विव्रांत शर्मा की बात करें तो उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू 3 मई 2023 को किया था, लेकिन उस मैच में वह बल्लेबाजी नहीं कर पाए। उन्हें दूसरा मौका 13 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मिला। इस मैच में भी उन्हें बल्लेबाजी नहीं मिली। मुंबई के खिलाफ यह उनका तीसरा आईपीएल मैच था। लेकिन पहली बार उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिला और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया। वह डेब्यू इनिंग में अर्धशतक लगाने वाले आईपीएल इतिहास के पहले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने हैं।
मैच की बात करें तो विव्रांत शर्मा और मयंक अग्रवाल की पारी के दम पर हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने हैदराबाद को सीजन की सबसे अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 13.5 ओवर में 140 रन जोड़े। हालांकि मयंक अग्रवाल अपना दूसरा आईपीएल शतक बनाने से चूक गए। उन्होंने 46 गेंद में 83 रन की पारी खेली। इस पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए।
