Virat Kohli: आरसीबी के कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली का आईपीएल 2023 में शानदार फॉर्म बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शनदार फॉर्म होम गेम में भी जारी रहा। जीत के लिए 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 33 गेंद में 6 चौकों की मदद से अपना पांचवां अर्धशतक पूरा कर लिया। विराट एक छोर थामे रहे उन्हें आज दूसरे छोर से फॉर्म में चल रहे फॉफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल का साथ नहीं मिला। ऐसे में उन्होंने युवा महिपाल लोमरोर के साथ चौथे विकेट के लिए 34 गेंद में 55 रन की साझेदारी करके टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। 113 के स्कोर पर लोमरोर के आउट होने के बाद भी विराट भी 115 के स्कोर पर37 गेंद में 54 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
विराट कोहली (साभार IPL/BCCI)
चिन्नास्वामी स्टेडियम में पूरे किए 3 हजार टी30 रन
अपनी इस पारी के दौरान विराट कोहली ने बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टी20 फॉर्मेट में 3 हजार रन पूरे कर लिए। विराट किसी एक मैदान पर 3 हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने ये कारनामा आरसीबी के होम ग्राउंड पर कर दिखाया है जहां उन्होंने टीम इंडिया के लिए भी कई टी20 मुकाबले अपने करियर में खेले हैं। टी20 में बनाए लगभग साढ़े ग्यारह हजार रनों में से 3 हजार एक मैदान पर बनाना बड़ी बात है वो भी भारत जैसे देश में जहां 50 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हैं।
आईपीएल 2023 में मचा रहे हैं धमाल
विराट कोहली आईपीएल 2023 में बल्ले से जमकर धमाल मचा रहे हैं। अबतक खेले 8 मैच की 8 पारियों में वो 333 रन 47.57 के औसत और 142.30 रन के स्ट्राइकरेट से बना चुके हैं। नाबाद 82 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं। वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में दूसरे पायदान पर हैं।
