आखिरकार दो बैक टू बैक हार झेलने के बाद मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2023 में अपने जीत का खाता खोल ही लिया। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद के रोमांच में 6 विकेट से हरा दिया। मुंबई के सामने जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य था, जो उसने 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
रोहित शर्मा
आखिरी ओवर का रोमांच
दिल्ली और मुंबई का यह मैच आखिरी गेंद तक चला। आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 5 रन की दरकार थी और दिल्ली की तरफ से गेंदबाजी डेथ ओवर स्पेशलिस्ट ऑनरिक नॉर्खिया के हाथ में थी। पहली गेंद पर ग्रीन ने एक रन लिया और स्ट्राइक साथी खिलाड़ी टिम डेविड को दिया। दूसरी गेंद पर डेविड ने मिड विकेट पर एक अच्छा शॉट खेला जिसे मुकेश कुमार लपकने से चूक गए। तीसरी गेंद डॉट गेंद थी। चौथी गेंद लो फुल टॉस थी जिस पर डेविड ने एक रन लिया।
5वीं गेंद पर ग्रीन ने एक रन लिया, लेकिन वह रन आउट होते-होते बचे। ऐसे में मुंबई को आखिरी गेंद पर दो रन की दरकार थी और टिम डेविड ने मिड ऑफ पर शॉट खेल इसे हासिल कर लिया।
जीत के बाद क्या बोले रोहित?
मैच जीतना सबसे अहम है। हम पहले गेम से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मुंबई में हमारा कैंप था, नतीजा मिलना अच्छा लग रहा है। पहली जीत हमेशा खास होती है। हमने यहां टेस्ट मैच खेला था, पिच अलग दिख रही थी। इस पिच पर धीमे गेंदबाज को आउट करना अहम था। स्पिनरों ने हमें खेल में बनाए रखा। हमें लक्ष्य का पीछा करने के लिए अच्छी बल्लेबाजी करने की जरूरत थी। मुझे पावरप्ले का उपयोग करने की जरूरत थी, मुझे पता था कि हमें आक्रमण करते रहना है और अपने मौके लेने हैं। मैंने साझेदारी बनाने की कोशिश की, तिलक के साथ बातचीत करता रहा।
युवा खिलाड़ियों पर रोहित
रोहित शर्मा ने युवा खिलाड़ियों के बारे में भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अब तक आईपीएल नहीं खेले हैं। ऐसे में उन पर विश्वास जताना जरूरी है। इसलिए टीम में कोई अचानक से बड़ा बदलाव करने की जरुरत नहीं है।
