क्रिकेट

IPL 2023, CSK vs RR: चेन्नई-राजस्थान मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का पूरा हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 13, 2023, 02:41 PM IST

IPL 2023, CSK vs RR: आज (12 April 2023) इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण का 17वां मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच एम एस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स और संजू सैमसन की राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। जानिए इस मैच में कैसी है चेपक की पिच रिपोर्ट और चेन्नई में कैसा रहेगा आज का मौसम।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 का 17वां मुकाबला
  • चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर राजस्थान रॉयल्स से होगी
  • चेन्नई के एमए चिदंबरम मैदान पर होगा मैच

IPL 2023, CSK vs RR: आज आईपीएल 2023 में चेन्नई के एमए चिदंबरम मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच टूर्नामेंट का 17वां मुकाबला खेला जाना है। चेपक में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की पूरी उम्मीद है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान होंगे एम एस धोनी जबकि राजस्थान रॉयल्स की कमान संजू सैमसन होंगे। दोनों ही कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, ऐसे में टीमों के साथ-साथ ये टक्कर भी देखना दिलचस्प रहेगा।

चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाला ये मैच काफी हद तक दोनों टीमों के शीर्ष क्रम पर निर्भर करेगा। खासतौर पर सलामी जोड़ी पर। राजस्थान रॉयल्स के पास इस समय आईपीएल सीजन की सर्वश्रेष्ठ व सबसे धाकड़ सलामी जोड़ी मौजूद है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स भी इस मामले में पीछे नहीं है। दोनों टीमों ने अब तक इस सीजन में तीन-तीन मैच खेले हैं और दोनों ने ही 2-2 मुकाबले जीते हैं जबकि एक-एक मैच गंवाया है। अब आज क्या होगा ये काफी हद तक पिच पर भी निर्भर रहेगा, आइए जानते हैं चेन्नई की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल।

कैसी होगी चेन्नई की पिच रिपोर्ट (CSK vs RR Pitch Report)

मेजबान चेन्नई की टीम और मेहमान राजस्थान रॉयल्स के बीच आज खेला जाने वाला आईपीएल 2023 का मुकाबला चेपक के मैदान पर होने जा रहा है। यहां की पिच पर अब तक इस सीजन सिर्फ एक मुकाबला खेला गया है जहां मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स ने तीन साल बाद कदम रखते हुए 12 रन से लखनऊ सुपर जायंट्स को शिकस्त दी थी। उस मैच में बल्लेबाजों को खूब फायदा मिला था, जहां चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 217 रन बनाए थे, वहीं जवाब में लखनऊ ने भी 7 विकेट पर 205 रन बना दिए थे, हालांकि वे 12 रन से चूक गए। उस मैच में स्पिनर्स को सर्वाधिक मदद मिली थी, गिरने वाले 14 विकेटों में से 8 विकेट स्पिनर्स ने झटके थे। एक बार फिर ऐसा ही नजारा देखने को मिल सकता है।

आज कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम (Chennai weather today)

चेन्नई के मौसम की बात करें तो आज चेन्नई के बेहद गर्म रहने की उम्मीद है। मैच तो शाम को है लेकिन दिन भर कड़ी धूप रहेगी जिसकी गर्मी का अहसास शाम को भी होने वाला है। हवा जरूर चलेगी लेकिन इसकी रफ्तार ज्यादा राहत देने वाली नहीं होगी। ऊपर से उमस काफी रहने वाली है जो बाद में गेंदबाजी और फील्डिंग करने वाली टीम को जमकर परेशान कर सकती है। यहां के तापमान की बात करें तो बुधवार को चेन्नई में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतमम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।

राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला ये मुकाबला शाम 7.30 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी 7 बजे होगा। एक बार फिर फैंस की नजरें महेंद्र सिंह धोनी को खोजती दिखेंगी जो पिछले मुकाबले में पैर में खिंचाव से थोड़ा परेशान नजर आए थे। जबकि दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर जैसे धाकड़ ओपनर की बल्लेबाजी का लुत्फ भी फैंस उठाना चाहेंगे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article