Delhi Capitals vs Mumbai Indians Flashback: आईपीएल 2023 के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों का आईपीएल के मौजूदा सीजन में खराब प्रदर्शन जारी है। दिल्ली को लगातार तीसरे मुकाबले में हार झेलनी पड़ी है। दिल्ली को अपने पहले मुकाबले में लखनऊ ने 50 रन से हार मिली थी। इसी तरह दिल्ली को दूसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस और तीसरे मुकाबले में पिछले बार की रनरअप राजस्थान रॉयल्स से हार झेलनी पड़ी है। दिल्ली होम ग्राउंड पर हार के सिलसिले को रोका चाहेगी।
रोहित शर्मा और डेविड वॉर्नर। (फोटो - मुंबई और दिल्ली के ट्विटर से)
वहीं, आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के मौजूदा सीजन के प्रदर्शन की बात करें तो मुंबई की टीम भी दिल्ली की राह पर आगे बढ़ रही है। रोहित की कप्तानी वाली टीम मुंबई ने पिछले साल के प्रदर्शन को भुलाकर आगे बढ़ने के लिए मैदान पर उतरे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन जस का तस दिख रहा है। मौजूदा आईपीएल में शुरुआती दो मैचों में टीम को बुरी तरह से हार झेलनी पड़ी है। मुंबई को पहले मुकाबले में बेंगलोर ने 8 विकेट से, जबकि दूसरे मुकाबले में चेन्नई से 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी है। मुंबई भी इस सिलसिले को रोकना चाहेगी।
दिल्ली और मुंबई के बीच होता है हाई स्कोरिंग मैच
दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच का मैच हाईस्कोरिंग मैच होता है। दोनों टीमें 200+ का स्कोर बना चुकी हैं। मुंबई का दिल्ली के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर 218 रन है, जबकि दिल्ली का मुंबई के खिलाफ हाढएस्ट स्कोर 213 रन है। वहीं, दिल्ली का लो स्कोर 66 रन, जबकि मुंबई का लो स्कोर 92 रन रहा है।
पिछले सीजन में दोनों टीमों ने जीता एक-एक मैच
आईपीएल के 15वें सीजन यानी पिछले सीजन में दिल्ली और मुंबई के बीच दो मुकाबले खेले गए थे। इसमें दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबले में जीत मिली थी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 27 मार्च 2022 को खेला गया था। इसमें दिल्ली ने मुंबई को 4 विकेट से हराया था। इस मुकाबले में मुंबई के इशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 81 रन की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, दूसरे मुकाबले में 21 मई 2022 को मुंबई ने दिल्ली को 5 विकेट से हराकर बदला पूरा कर लिया था। इस मुकाबले में भी इशान किशन ने 48 रन की शानदार पारी खेली थी।
