क्रिकेट

GT vs MI: गुजरात-मुंबई मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 26, 2023, 05:15 PM IST

IPL 2023, GT vs MI: आज (25 April 2023) आईपीएल के 16वें संस्करण में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले जानिए कैसी है अहमदाबाद की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल।

Image

गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 में आज का मैच
  • गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस
  • नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में होगा मुकाबला

IPL 2023, GT vs MI: आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) में दो धाकड़ टीमों का मुकाबला होने जा रहा है। आमने-सामने होंगी डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस और सर्वाधिक पांच बार आईपीएल खिताब अपने नाम करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम। गुजरात टाइटंस टीम की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है, जबकि मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हैं भारत के दिग्गज बल्लेबाज और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा।

दोनों टीमों में सबसे बड़ा फर्क इस समय ये है कि एक तरफ गुजरात टाइटंस अपना पिछला मुकाबला जीतकर यहां उतरने जा रही है। जबकि मुंबई इंडियंस को पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। गुजरात टाइटंस ने अब तक खेले अपने 6 मैचों में 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। जबकि दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मुंबई इंडियंस की बात करें तो उन्होंने अब तक इस आईपीएल सीजन में 6 मैच खेले हैं और इनमें आधे में उन्हें जीत मिली जबकि आधे मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। अब आज जब दोनों टीमें आपस में टकराएंगी तो कैसा रहेगा माहौल, आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल।

कैसी है गुजरात-मुंबई मुकाबले की पिच रिपोर्ट? (GT vs MI Pitch Report)

गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आजा का मुकाबला गुजरात के होम ग्राउंड यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस सीजन में अब तक अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों ही मुकाबलों में एक चीज समान रही है, और वो ये कि तीनों ही मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत हासिल हुई है। यहां पिच बल्लेबाजों के लिए हमेशा से फायदेमंद साबित हुई है। यहां 9 अप्रैल को गुजरात और कोलकाता के बीच खेला गया मुकाबला इसका सबसे बड़ा उदाहरण है जिसमें मेजबान गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 204 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन फिर भी मेहमान केकेआर ने 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। एक और दिलचस्प बात ये है कि यहां खेले तीन मैचों में से गुजरात टाइटंस को दो मैच गंवाने पड़े हैं। वो सिर्फ एक मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीते थे।

आज कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम? (Ahmedabad Weather Today)

अगर बात करें कि आज अहमदाबाद का मौसम कैसा रहने वाला है तो सबसे पहले फैंस व टीमों के लिए अच्छी खबर ये हैं कि वे पूरे मैच का लुत्फ बिना बारिश के बाधा बने उठा सकेंगे। आज अहमदाबाद में काफी गर्मी रहने वाली है, उमस भी रहेगी और हवा बहुत कम चलेगी इसलिए खिलाड़ियों की जर्सी पसीने में गीली जरूर होने वाली है। यहां आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन धूप भी अपना असर दिखाएगी। मैच शाम को खेला जाना है फिर भी इसकी गर्मी का अहसास रात तक होगा। तापमान की बात करें तो आज यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला ये बड़ा मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा, टॉस 7 बजे होगा। इस सीजन में अब तक इससे पहले गुजरात और मुंबई की टीमें आमने-सामने नहीं आई हैं। ये दोनों के बीच इस सीजन की पहली टक्कर होगी इसलिए मुंबई की टीम यहां अपना दबदबा दिखाने का प्रयास करेगी ताकि जब 12 मई को गुजरात की टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलने आए तब उनके पास हुंकार भरने के लिए कुछ रहे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article