IND vs BAN: भारत और बांग्लादेश टी20 मैच से पहले ग्वालियर में निषेधाज्ञा लागू, हिंदू संगठन नहीं कर पाएंगे विरोध प्रदर्शन

हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बीच भारत और बांग्लादेश के बीच ग्वालियर के नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले तीन मैच की सीरीज के पहले टी20 से पहले ग्वालियर शहर में जिला मजिस्ट्रेट ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

KEY HIGHLIGHTS
  • ग्वालियर में 14 साल बाद हो रही है अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी
  • हिंदू महासभा कर रहा है बांग्लादेश के भारत दौरे का विरोध
  • 6 अक्टूबर को किया है ग्वालियर बंद का ऐलान

ग्वालियर: भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच से पहले यहां निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है ताकि मैच का सुचारू रूप से आयोजन किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट ने अपने आदेश में विरोध प्रदर्शन और विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री के प्रसार पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश सात अक्टूबर तक लागू रहेंगे।

Madhavrao Scindia Cricket Stadium

माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम ग्वालियर

हिंदू महासभा ने किया है ग्वालियर बंद का ऐलान

हिंदू महासभा ने मैच के दिन (छह अक्टूबर) ग्वालियर बंद का आह्वान किया है। इसके अलावा अन्य संगठनों ने भी विरोध प्रदर्शन की धमकी दी है जिसके मद्देनजर यह फैसला किया गया। हिंदू महासभा ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर किए गए ‘अत्याचारों’ को लेकर रविवार के मैच को रद्द करने की मांग करते हुए बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया था। अधिकारियों ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर रुचिका चौहान ने पुलिस अधीक्षक की सिफारिश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा आदेश जारी किए।

End of Feed