वर्ल्ड कप 2023 में अब तक एकमात्र अजेय टीम रही टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से होगा। टीम इंडिया ने अब तक जिस तरह की क्रिकेट खेली है उसको देखते हुए श्रीलंका के खिलाफ उसे खास समस्या नहीं होने वाली है। दूसरी तरफ सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए श्रीलंका को हर हाल में मुकाबला जीतना होगा, लेकिन सवाल यह है कि क्या श्रीलंका वो कर पाएगी जो अब तक कोई भी टीम नहीं कर पाई है।
मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का दबदबा रहा है। हालांकि, इस मैदान से भारत की गहरी यादें जुड़ी हैं और पिछली बार जब इस मैदान पर दोनों टीम भिड़ी थी तो भारत दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बना था।
हेड टू हेड में भारत का पलड़ा भारी
वनडे क्रिकेट की बात करें तो श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया का पलड़ा भारी है। अब तक दोनों टीम इस फॉर्मेट में कुल 167 बार आमने-सामने आई है, जिसमें से 98 बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि 57 मुकाबले श्रीलंका ने जीते हैं। एक मुकाबला टाई हुआ है। पिछले 5 मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया 5-0 से आगे हैं।
वर्ल्ड कप में बराबरी पर दोनों टीम
वर्ल्ड कप की बात करें तो यहां आंकड़ों में दोनों टीम बराबरी पर है। अब तर क्रिकेट के इस बड़े स्टेज पर 9 बार दोनों टीम का आमना-सामना हुआ है, जहां दोनों टीम 4-4 मुकाबला जीत कर फिलहाल बराबरी पर है। एक मुकाबला बिना किसी परिणाम के खत्म हुआ है। टीम इंडिया के पास वर्ल्ड कप के मंच पर आगे निकलने का सुनहरा मौका है। वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ उच्चतम स्कोर 373 है, जबकि न्यूनतम स्कोर 120 रन है। वहीं श्रीलंका ने टीम इंडिया के खिलाफ सबसे अधिक 274 और सबसे कम 109 रन बनाए हैं।
